Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित क्रॉसिंग थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाले से युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले में पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों ने जताया मर्डर का शक
मृतक के भाई अजय कुमार ने पड़ोस में ही रहने वाले अखिलेश नामक व्यक्ति पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। अजय कुमार के मुताबिक, अखिलेश और उनके परिवार के बीच काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों का दावा है कि इसी रंजिश के तहत उनके भाई की योजनाबद्ध तरीके से हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को नाले में फेंक दिया गया।
पुलिस की ढिलाई पर उठाए सवाल, सुरक्षा की गुहार
पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि विवाद के दौरान पुलिस ने समय रहते उचित कदम उठाए होते, तो आज यह घटना नहीं होती। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें अभी भी लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरे परिवार की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने फिलहाल हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
