शहर

दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, सड़कों पर भरा पानी; ऑफिस से निकलते ही जाम में फंसे लोग

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार शाम तेज बारिश से उमस भरे मौसम से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक बारिश और जलभराव का अलर्ट जारी किया है।

Image

दिल्ली-एनसीआर में बारिश

दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार की शाम होते-होते तेज बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया। हालांकि, दिन में उमस ने परेशान किया, लेकिन शाम खुशनुमा हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, ये बारिश राजधानी के आसपास रिकॉर्ड की जा रही है, जिससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति है। अगले कई घंटों तक मौसमी गतिविधियां जारी रहने का पूर्वानुमान है। देर शाम तक बारिश जारी रहने से सड़कों पर जाम दिख रहा है, जिससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है।

पिछले 24 घंटे में तेज बारिश

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में आयानगर में सबसे अधिक 101.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद रिज में 100.4 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग में 99.1 मिमी और लोधी रोड में 98.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पालम में 68 मिमी बारिश हुई। शहर के कई हिस्सों से जलभराव की सूचना मिली, जिनमें लुटियंस दिल्ली की अशोका रोड, रायसीना रोड, राम मनोहर लोहिया अस्पताल के आसपास के इलाके, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग और कनॉट प्लेस शामिल हैं।

भारी बारिश के बाद आईटीओ, मोती बाग, कमला नगर और करोल बाग समेत कई अन्य इलाकों में भी जलभराव देखा गया। बारिश के कारण शहर के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और आईएमडी के सभी पांच मौसम केंद्रों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा। पालम में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम था।

लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा, जबकि रिज में 20.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम था।

आयानगर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा।

प्रदूषण पर नियंत्रण

सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 100 रहा, जो ’संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के राष्ट्रीय एक्यूआई मानकों के अनुसार, शून्य से 50 एक्यूआई को ’अच्छा’, 51 से 100 को ’संतोषजनक’, 101 से 200 को ’मध्यम’, 201 से 300 को ’खराब’, 301 से 400 को ’बहुत खराब’ और 401 से 500 को ’गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article