शहर

Delhi News: सीमापुरी इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरी, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

Delhi News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में आज एक और बिल्डिंग गिरने की खबर है। हाल में सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के बाद सीमापुरी में आज 5 मंजिला इमारत गिर गई, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की आशंका है।

Delhi News: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में आज यानी बुधवार 7 अक्टूबर को एक 5 मंजिला इमारत गिर गई है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग गिरने की यह घटना ईदगाह मछली मंडी, नई सीमापुरी में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार बिल्डिंग के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। 5 मंजिला बिल्डिंग गिरने की खबर से आसपास के इलाके में कोहराम मच गया।

फायर ब्रिगेड को दोपहर 3.15 बजे बिल्डिंग गिरने के संबंध में सूचना मिली। सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहव व बचाव कार्य शुरू कर दिया। बिल्डिंग के मलबे से निकाले जा रहे घायलों को नजदीकी राजीव गांधी अस्पताल ले जाया जा रहा है।

4-5 अन्य मकानों को भी पहुंचा नुकसान

इस बिल्डिंग के गिरने की वजह से आसपास के 4-5 मकानों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार जिन मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी खाली करा लिया गया है। मौके पर कई JCB पहुंची हैं, जिनसे मलबे को हटाने का काम किया जा रहा है।

एक स्थानीय निवासी सलीम ने बताया कि जो बिल्डिंग गिरी है, वह उनकी थी। उन्होंने बताया कि बिल्डिंग अचानक गिर गई और हम कुछ लोग बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि उनका दामाद भी अंदर फंस गए थे, लेकिन वह सुरक्षित बाहर आ गए हैं। सलीम के अनुसार उनकी बेटी भी अंदर फंस गई थी और उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है।

झिलमिल के निगम पार्षद पंकज लूथरा ने बताया, 'हमें जानकारी मिली कि 40-50 साल पुरानी एक बिल्डिंग गिर गई है। चार-पांच लोगों को मलबे से बचा लिया गया है। पुलिस बल, एमसीडी और प्रशासन राहतत-बचाव कार्य में जुटा है। हम यहां पूरी कोशिश में लगे हैं कि इस तरह की और कोई घटना न हो।'

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील

इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी सोशल मीडिया के जरिए एक अलर्ट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सीमापुरी में घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार इस हादसे के बाद सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित है। पुलिस का कहना है कि सड़क खाली मिलने पर घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अभी इस इलाके से जितना संभव हो दूर रहें। साथ ही कहा गया है कि यहां घटनास्थल के आसपास न रुकें, यहां गाड़ी खड़ी न करें और इकट्ठा न हों। पुलिस ने लोगों के ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

पिछले ही महीने सत्य निकेतन में गिरी बिल्डिंग

ज्ञात हो कि दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में भी पिछले ही महीने 6 सितंबर को बिल्डिंग गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ था। यहां लड़कों के पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही एक 5-मंजिला पुरानी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई थी।

इस हादसे में 5 छात्रों सहित कुल 7 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। NDRF, दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मलबे से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।

सत्य निकेतन की उस घटना के बाद एमसीडी ने दिल्ली के तमाम इलाकों में जर्जर और अवैध इमारतों के खिलाफ बड़ा सीलिंग व डिमोलिशन अभियान शुरू किया था। लेकिन आज सीमापुरी में एक और बिल्डिंग गिरने से एक बार फिर प्रशासन की निगरानी और MCD की कार्रवाई पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article