Sonia Gandhi House: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बचपन के घर को लेकर इटली से एक दिलचस्प कहानी सामने आई है। इटली में रहने वाले सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कांग इस ऐतिहासिक मकान के मालिक हैं। उन्होंने करीब छह साल पहले इस प्रॉपर्टी को खरीदा था और अब इसे म्यूजियम का रूप देने की योजना बना रहे हैं।
इंडियन हाउस के नाम से जाना जाता है सोनिया गांधी का घर
कांग ने पीटीआई से फोन पर बातचीत में बताया कि स्थानीय लोग इस मकान को ‘इंडियन हाउस’ के नाम से जानते हैं। घर के बाहर भारत का तिरंगा लगा हुआ है। इसके साथ ही एक नेमप्लेट भी लगी है, जिस पर लिखा हुआ है कि यह सोनिया गांधी का जन्मस्थान है। उनका मकसद है कि गांधी परिवार से मिलकर कुछ यादगार वस्तुएं हासिल की जाएं, जिन्हें म्यूजियम में रखा जा सके।
यह मकान इटली के विसेंज़ा प्रांत के लुसियाना इलाके में स्थित है। ग्रे पत्थर और कंक्रीट से बना यह घर छह कमरों का है। यह जगह ब्रेशिया में कांग के अपने घर से करीब एक घंटे की दूरी पर है। कांग के मुताबिक, सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी मकान में हुआ था। उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती साल भी यहीं गुजारे थे।
कांग की अपनी कहानी भी किसी संघर्ष से कम नहीं है। वह पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं। साल 1992 में वह गांव छोड़कर इटली आकर बस गए थे। तब से वह वहीं रह रहे हैं। उन्होंने बताया कि इटली में शुरुआत आसान नहीं थी। शुरुआती दिनों में उन्होंने डेयरी फार्म में काम किया, खेती के काम में हाथ बंटाया और एक फैक्ट्री में भी नौकरी की। धीरे-धीरे मेहनत से उन्होंने अपना कारोबार खड़ा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'टाई पहनकर घूमने वालों से ज्यादा हुनर वालों की होगी कद्र', 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में बोले PM मोदी
कांग ने पत्नी और बेटी के नाम पर खरीदा था घर
सोनिया गांधी के बचपन वाले इस मकान को कांग ने साल 2020 में अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर खरीदा था। घर की देखरेख के लिए उन्होंने एक केयरटेकर रखा हुआ है। अगर कोई पर्यटक इस घर को देखना चाहता है तो केयरटेकर उसे घुमाता है और जानकारी देता है। इस प्रॉपर्टी पर टैक्स समेत हर साल करीब 1,000 यूरो का खर्च आता है, जिसे कांग वहन करते हैं।कांग ने बताया कि वह और उनका परिवार गांधी परिवार के बड़े प्रशंसक हैं। वह हर साल एक बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करके गांधी जयंती भी मनाते हैं। अब उनकी इच्छा है कि इस घर को म्यूजियम बनाकर सोनिया गांधी के शुरुआती जीवन की यादों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजा जाए।
