Jaipur News: सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने न्यू सांगानेर रोड पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू कर दिया है। राजस्थान हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों के अनुपालन में की जा रही इस कार्रवाई के तहत करीब 260 मकानों और दुकानों के अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया जारी है। यह अभियान गुर्जर की थड़ी चौराहे से लेकर सोडाला तक करीब तीन किलोमीटर के हिस्से में चलाया जा रहा है। वर्तमान में JDA का फोकस गुर्जर की थड़ी से आगे एक किलोमीटर के दायरे पर है।
100 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर रह गई थी 40-60 फीट
मास्टर प्लान और विभागीय दस्तावेजों के अनुसार, न्यू सांगानेर रोड की चौड़ाई 100 फीट तय है। हालांकि, सड़क के दोनों ओर अवैध कब्जों और पक्के-अस्थाई निर्माणों के कारण इसकी वास्तविक चौड़ाई घटकर महज 40 से 60 फीट रह गई थी। इसके कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या बनी रहती थी। राजस्थान हाईकोर्ट ने सड़क को उसके निर्धारित 100 फीट के आकार में बहाल करने के सख्त आदेश दिए थे। JDA को इस मामले में 6 अक्टूबर तक हाईकोर्ट में कंप्लायंस रिपोर्ट (अनुपालन रिपोर्ट) दाखिल करनी है, जिसके चलते प्रशासन जल्द से जल्द कार्रवाई पूरी करने में जुटा है।
इलाका छावनी में तब्दील, रूट डायवर्ट
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या विरोध को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गुर्जर की थड़ी से संजीवनी अस्पताल तक का सड़क मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर डायवर्ट किया गया है। मौके पर JDA का प्रवर्तन दस्ता कई जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ डटा हुआ है। JDA द्वारा पहले जारी किए गए नोटिसों के बाद कई व्यापारियों और निवासियों ने अपने सामान व अस्थायी शेड खुद ही हटाने शुरू कर दिए थे, ताकि जेसीबी के कारण उनका ज्यादा नुकसान न हो। स्थानीय व्यापारियों ने इस कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया है। उनका कहना है कि त्यौहारी सीजन के दौरान दुकानों और निर्माणों को ध्वस्त करने से उनके व्यापार पर भारी असर पड़ेगा और बड़ा आर्थिक नुकसान होगा। व्यापारियों ने सरकार और प्रशासन से त्यौहार के समय राहत देने की अपील की है
