Suraj kund Mela: तीन फरवरी से शुरू हो रहे 36वें अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प सूरजकुंड मेला की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इस बार मेले में बहुत सारे विदेशी डेलिगेट्स पहुंच रहे हैं, जिसकी वजह से मेले के चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रहेगी। मेले की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने उच्च अधिकारियों के साथ एक बैठक की। जिसमें मेला में तैनात रहने वाले पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। बैठक के बाद पुलिस आयुक्त ने मेला परिसर में पहुंच कर हालात का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस बार मेला परिसर को आठ जोन में बांट कर सुरक्षा की जाएगी। सभी जोन में पुलिसकर्मियों की शिफ्ट वाइज ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर होंगे और पूरे मेले की हाईटेक कैमरों से लैस ड्रोन द्वारा निगरानी की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार पूरे मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है। इसमें महिला रेपीडेक्स पुलिस, स्वेट कमांडो और सादे कपड़ों में क्राइम ब्रांच की टीम भी शामिल रहेगी। मेले में बने मचानों पर हथियार और दूरबीन के साथ पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। साथ ही मेले के चारों और पहाड़ियों, टिकट काउंटर और वीआईपी पार्किंग में भी पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा पूरे मेले परिसर पर नजर रखने के लिए करीब 350 सीसीटीवी कैमरे भी गलाए गए हैं। इन कैमरों को पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इन कैमरों से 50 पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे।
