शहर

DUSU चुनाव वोटिंग से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय में भारी उपद्रव, मोतीलाल नेहरू कॉलेज में शिक्षक से मारपीट, ABVP-NSUI में लाठी-डंडे चले

DU Student Union Polls ABVP NSUI Clash: DUSU चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दिल्ली विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में हिंसक झड़पें हुईं। मोतीलाल नेहरू कॉलेज में शिक्षक से कथित मारपीट के बाद विरोध शुरू हो गया।

Image

DUSU चुनाव वोटिंग से पहले दिल्ली विश्वविद्यालय में भारी उपद्रव, मोतीलाल नेहरू कॉलेज में शिक्षक से मारपीट, ABVP-NSUI में लाठी-डंडे चले

DUSU Election Violence Motilal Nehru College: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कई कॉलेजों में विवाद और झड़प की घटनाएं सामने आईं। नॉर्थ कैंपस के लॉ सेंटर-1 में ABVP और NSUI से जुड़े छात्रों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट के आरोप लगे हैं। वहीं साउथ कैंपस के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट के बाद फैकल्टी ने विरोध प्रदर्शन किया। श्री अरविंदो कॉलेज में भी शिक्षक के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया।

मोतीलाल नेहरू कॉलेज में शिक्षक से मारपीट का आरोप

मोतीलाल नेहरू कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान छात्र समूहों के बीच विवाद के बीच एक शिक्षक के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। रिपोर्टों के मुताबिक, कॉलेज के मुख्य गेट पर छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों को रोकने की कोशिश कर रहे फैकल्टी सदस्यों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।

घटना के बाद कॉलेज के शिक्षक गेट के बाहर एकत्र हुए और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने चुनाव ड्यूटी के बहिष्कार की चेतावनी भी दी।

ABVP-NSUI कार्यकर्ताओं में झड़प

नॉर्थ कैंपस के लॉ सेंटर-1 में बुधवार शाम ABVP और NSUI से जुड़े छात्रों के बीच मारपीट हुई। ABVP की ओर से दावा किया गया कि NSUI और समाजवादी छात्र सभा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उसके कुछ सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें तीन कार्यकर्ताओं को चोटें आईं।

दूसरी ओर, NSUI ने इन आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि उसके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक, विवाद की पृष्ठभूमि में एक दिन पहले मुखर्जी नगर में हुई झड़प और बुधवार को पोस्टर फाड़ने को लेकर हुआ विवाद बताया गया है।

श्री अरविंदो कॉलेज में भी विवाद

श्री अरविंदो कॉलेज में भी एक प्रत्याशी और उसके समर्थकों के कक्षा के दौरान पहुंचने और शिक्षकों द्वारा उन्हें रोकने पर कथित तौर पर धक्का-मुक्की और बदसलूकी का मामला सामने आया। शिक्षकों के संगठन DUTA ने मामले में CCTV फुटेज सुरक्षित रखने, घटना में शामिल लोगों की पहचान करने और जांच की मांग की है।

चुनाव प्रचार पर भी उठे सवाल

DUSU चुनाव के प्रचार के आखिरी दिन कई कॉलेजों में पोस्टर, पर्चे और प्रचार से जुड़े नियमों को लेकर भी सवाल उठे। कुछ जगहों पर बड़ी संख्या में पर्चे और पोस्टर दिखाई दिए। हालांकि, चुनाव कार्यालय की ओर से कहा गया कि उसे इन कथित उल्लंघनों से संबंधित शिकायतें नहीं मिली हैं।

DUSU चुनाव के लिए प्रचार की अवधि समाप्त हो चुकी है। 18 सितंबर को मतदान और 19 सितंबर को मतगणना एवं परिणाम घोषित किए जाने हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article