Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में अगले सात दिनों तक कई रास्ते बदले रहेंगे। दरअसल राजधानी में 25 मार्च से 31 मार्च तक भारत मंडपम में फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जा रहा है। जिसमें बड़ी तादाद में लोगों के आने की संभावना है। जिसके कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। जिसे देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान यातायात को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
25 से 31 मार्च तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दिल्ली में 25 मार्च से 31 मार्च तक रोजाना सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। इस दौरान भारत मंडपम के आसपास कड़ी निगरानी रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर यातायात में बदलाव भी किए जाएंगे। फिल्म फेस्टिवल के कारण मथुरा रोड और भैरों रोड पर सबसे अधिक ट्रैफिक दबाव रह सकता है। ऐसे में जाम से बचने के लिए इन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही इन सड़कों पर 7 दिनों तक पार्किंग पर पूरी तरह से रोक रहेगी। नियम तोड़ने वालों के वाहन तुरंत टो कर लिए जाएंगे और जुर्माना की कार्रवाई भी होगी।ऐसे वाहनों को भैरों मंदिर के सामने बने ट्रैफिक पिट में रखा जाएगा।
फिल्म फेस्टिवल में आने के लिए एंट्री गेट
फेस्टिवल में शामिल होने वालों के लिए दो एंट्री गेट तय किए गए हैं, जिनमें गेट नंबर 4 (भैरों मार्ग) और गेट नंबर 10 (मेट्रो स्टेशन के पास) शामिल हैं। गाड़ियों की पार्किंग के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए बेसमेंट पार्किंग नंबर 1 और 2 के अलावा भैरों मंदिर और नेशनल स्टेडियम के पास सतह पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा किसी भी जगह वाहन पार्किंग पर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे भीड़भाड़ से बचने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक उपयोग करें। वहीं एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को अपनी योजना की तैयारी पहले से करने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है, साथ ही उन्हें सलाह दी है कि ट्रैफिक संबंधी रियल टाइम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पलाइन का इस्तेमाल करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
