Vande Bharat Special: साल के सबसे बड़े त्योहार दिवाली में अब लगभग एक महीने का ही समय बचा है। इसके साथ ही बिहार के लिए सबसे बड़ा त्योहार छठ पर्व होता है। दिवाली और छठ पर बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार वासी अपने घर-परिवार के पास जाते हैं। खासतौर पर दिल्ली-मुंबई जैसे शहरों से बिहार जाने के लिए सबसे सस्ता और तेज माध्य ट्रेन का सफर ही है। लेकिन दिल्ली से पटना (Delhi to Patna) के लिए ट्रेन की टिकटें तीन महीने पहले बुकिंग शुरू होने के कुछ ही मिनटों में बिक चुकी हैं। अब लोगों को तत्काल सेवा का इंतजार है और साथ ही रेलवे की तरफ से दिवाली व छठ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का भी।
आपके लिए खुशखबरी ये है कि इस साल भी रेलवे की तरफ से कुछ स्पेशल ट्रेनों की घोषणा हो सकती है। त्योहारों के दौरान दिल्ली-पटना रूट पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और पटना के बीच वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। उत्तर रेलवे ने स्पेशल ट्रेन संचालन का प्रस्ताव भी तैयार किया है। हालांकि, अभी रेलवे बोर्ड की तरफ से अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। मंजूरी मिलने के बाद ट्रेन की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार, पिछले साल की ही तरह इस साल भी दिल्ली-पटना के बीच दो जोड़ी वंदे भारत स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी है। इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन 21 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच प्रस्तावित है। ऐसे में अगर आप दिवाली या छठ के लिए दिल्ली से बिहार जाने की योजना बना रहे हैं, तो स्पेशल ट्रेनों की घोषणा और टिकट बुकिंग पर कड़ी नजर रखें।
21 अक्टूबर से शुरू हो सकती है सेवा
पहली ट्रेन जोड़ी 02252/02251 के संचालन का प्रस्ताव है। नई दिल्ली से यह ट्रेन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर के बीच सोमवार, बुधवार और शनिवार को चल सकती है। वहीं पटना से वापसी 22 अक्टूबर से 26 नवंबर के बीच मंगलवार, गुरुवार और रविवार को प्रस्तावित है। इस जोड़ी के कुल 16 फेरे प्रस्तावित हैं। बता दें कि पिछले साल भी इस ट्रेन ने 11 अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच 16 फेरे लगाए थे।
पिछले साल यह ट्रेन नई दिल्ली से चलकर अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा स्टेशनों पर रुकते हुए पटना तक गई थी। उम्मीद की जा रही है कि इस साल भी इस ट्रेन का रूट यही रहेगा।
24 अक्टूबर से चलेगी दूसरी स्पेशल ट्रेन!
दूसरी ट्रेन जोड़ी 02253/02254 के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है। इसके तहत पटना से 24 अक्टूबर से 28 नवंबर के बीच शनिवार, सोमवार और बुधवार को ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। नई दिल्ली से वापसी रविवार, मंगलवार और गुरुवार को प्रस्तावित है।
13 घंटे में दिल्ली से पटना का सफर
प्रस्तावित समय के मुताबिक, वंदे भारत स्पेशल नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होगी और करीब 13 घंटे में 994 किलोमीटर की दूरी तय कर रात 9:30 बजे पटना पहुंच सकती है। रास्ते में ट्रेन के अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा स्टेशनों पर रुकते हुए पटना पहुंचेगी।
वापसी में पटना से ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होने का प्रस्ताव है। यह करीब 3:35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी और रात करीब 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंच सकती है। बता दें कि पिछले साल भी यह ट्रेन इसी रूट पर 11 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच चली थी। ट्रेन ने कुल 17 फेरे लगाए थे।
कितना हो सकता है किराया?
भोजन सहित एसी चेयर कार का किराया करीब 2,575 से 2,600 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया करीब 4650 से 4680 रुपये हो सकता है। यही नहीं भोजन के विकल्प को छोड़ने पर किराया कम हो सकता है। हालांकि, अंतिम किराया रेलवे की मंजूरी और बुकिंग शुरू होने के बाद ही साफ होगा।
दिवाली-छठ पर क्यों बढ़ती है भीड़?
दिवाली और खासकर छठ के दौरान दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब से बड़ी संख्या में यात्री बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अपने घरों की ओर जाते हैं। इसी कारण नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना किसी जंग जीतने के समान है। रेलवे हर साल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के जरिए इस अतिरिक्त यात्री दबाव को संभालने की कोशिश करता है। दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल का प्रस्ताव भी इसी तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है।
