दिल्ली

कर्तव्य भवन बनकर तैयार, कल PM Modi करेंगे उद्घाटन; अब एक जगह होंगे मंत्रालयों के दफ्तर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी बुधवार 6 अगस्त को सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत बनाए गए नए भवन 'कर्तव्य भवन' का उद्घाटन करेंगे। इसके निर्माण में आधुनिकता का खास ध्यान रखा गया है। इस भवन के बन जाने से मंत्रालयों के बिखरे दफ्तर अब कर्तव्य भवन में एक जगह होंगे।

Image

बुधवार को कर्तव्य भवन का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी (फोटो - PTI)

Photo : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी बुधवार 6 अगस्त को दोपहर करीब 12:15 बजे देश की राजधानी नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर स्थित कर्तव्य भवन-3 का उद्घाटन करेंगे। यह भव्य भवन केंद्र सरकार की सेंट्रल विस्टा परियोजना का अहम हिस्सा है। इसे प्रशासनिक दक्षता, नवाचार और पारदर्शिता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री बुधवार शाम को एक सार्वजनिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। कर्तव्य भवन-3 देश के पहले कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट भवनों में से एक है, जिसका मकसद प्रशासनिक प्रक्रियाओं को केंद्रीकृत कर सुगम और प्रभावी शासन सुनिश्चित करना है।

लगभग 1.5 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस अत्याधुनिक बिल्डिंग में दो बेसमेंट और सात मंजिलें हैं। इसमें गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, ग्रामीण विकास मंत्रालय, MSME, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, समेत कई प्रमुख मंत्रालयों के दफ्तर एक ही छत के नीचे होंगे। इससे दिल्ली में इधर-उधर बिखरे विभागों को एक साथ एक जगह पर लाने में मदद मिलेगी।

इस भवन को पर्यावरण संरक्षण के अनुसार डिजाइन किया गया है। इस बिल्डिंग में रूफटॉप सोलर पैनल, सोलर वॉटर हीटिंग सिस्टम, हाईटेक HVAC (हीटिंग, वेंटिलेशन, एयर कंडीशनिंग) और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।

सुरक्षा के लिहाज से कर्तव्य भवन पूरी तरह IT-इनेबल्ड है, जिसमें सिर्फ आईडी कार्ड से ही एंट्री हो सकती है। एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक निगरानी और केंद्रीकृत कमांड सिस्टम की व्यवस्था भी इस भवन में की गई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article