India-Canada Tension Row: देश की राजधानी दिल्ली में खालिस्तान के मसले पर युवाओं को उकसाने का फिर से प्रयास किया गया है। बुधवार (27 सितंबर, 2023) को कश्मीरी गेट फ्लाई-ओवर के पास दीवार पर खालिस्तान समर्थित ग्रैफिटी (किसी सार्वजनिक स्थान में दीवार पर बना चित्र या की गई लिखावट) थी। आरोप है कि यह नारे आतंकी संगठन के संचालक सिख्स फॉर जस्टिस की ओर से उत्तरी दिल्ली में लिखे गए। हालांकि, जैसे ही वहां लिखे नारे से जुड़ी जानकारी पुलिस को मिली, उसे आनन-फानन मिटवा दिया गया। पुलिस की ओर से इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की उचित धाराओं के तहत मामला भी दर्ज किया गया है।
अमेरिका में रहने वाले खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने इस घटना की जिम्मेदारी दी और धमकाया कि पांच अक्टूबर को गुजरात के अहमदाबाद स्थित "मोदी स्टेडियम" को दहलाया जाएगा। पन्नू के बयान में बताया गया, "कनाडा के प्रो-खालिस्तानी सिख दिल्ली में हैं और वे लोग निज्जर की हत्या का बदला लेंगे।"
चूंकि, राजधानी में सार्वजिनक जगह पर इस तरह के नारे दोबारा लिखे गए हैं। 27 अगस्त, 2023 को दिल्ली मेट्रो के कम से कम पांच स्टेशन्स की दीवारों पर खालिस्तानी समर्थित नारे लिखे गए थे। शिवाजी पार्क, मादीपुर, पश्चिम विहार, उद्योग नगर और महाराज सूरजमल स्टेडियम मेट्रो स्टेशन्स के आसपास की दीवारों पर खालिस्तान समर्थित नारों में "दिल्ली बनेगा खालिस्तान" और "खालिस्तान जिंदाबाद" लिखा मिला था। दिल्ली पुलिस ने इस सिलसिले में पंजाब से दो लोगों की धरपकड़ (सीसीटीवी फुटेज के आधार पर) भी की थी।
दरअसल, खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर (भारत ने 2020 में आतंकी घोषित किया था) की 18 जून को ब्रिटिश कोलंबिया में सरे के गुरद्वारे के बाहर हत्या में भारतीय एजेंटों की ‘‘संभावित’’ संलिप्तता के जस्टिन ट्रूडो (कनाडाई पीएम) के आरोपों के बाद से भारत और कनाडा के बीच तनाव पैदा हो गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
