Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुष्पा 2 फिल्म का साइड इफेक्ट देखने को मिला है। शहर के एक सिनेमा हॉल में स्थित कैंटीन के मालिक के साथ पुष्पा 2 फिल्म देखने आए युवक के साथ विवाद हो गया। यह विवाद खाने के बिल को चुकाने को लेकर हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कैंटीन के मालिक ने कथित तौर पर युवक का कान काट लिया। फिल्म के एक फाइट सीन में जिस प्रकार अल्लू-अर्जुन ने विलेन का कान काटा था। उसी प्रकार विवाद के दौरान कैंटीन के मालिक ने युवक का कान काट लिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
फिल्म देखने आए युवक का काटा कान
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इंदरगंज इलाके में स्थित सिनेमा हॉल की है जहां पुष्पा 2 फिल्म की स्क्रीनिंग चल रही थी। फिल्म देखने आया शब्बीर नामक युवक इंटरवल के दौरान स्नैक्स लेने एक कैंटीन में गया। अधिकारी ने आगे बताया कि वहां शब्बीर की कैंटीन के मालिक राजू से बहस हो गई। राजू ने शब्बीर पर स्नैक्स के पैसे न देने का आरोप लगाया है। वहीं शब्बीर द्वारा पुलिस में दर्ज कराई प्राथमिकी के अनुसार, राजू और उसके तीन साथियों द्वारा शब्बीर की जमकर पिटाई की गई है और आरोपी राजू ने शब्बीर का एक कान काट दिया।
लहूलुहान हालत में शब्बीर इलाज के लिए अस्पताल गया और अपना इलाज करवाया, जिसके बाद पुलिस में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया कि शब्बीर ने मामले को लेकर पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 294, 323 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है और शब्बीर का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(इनपुट - भाषा)
