दिल्ली सरकार का Heat Action Plan 2025: कूल रूफ, वॉटर ATM और हीट वेव वार्ड्स की शुरुआत
- Authored by: भावना किशोरEdited by: Nishant Tiwari
- Updated Apr 21, 2025, 07:22 PM IST
बढ़ती गर्मी के कहर को कम करने के लिए दिल्ली सरकार ने कुछ खास कदम उठाए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में 'Heat Action Plan 2025' को लॉन्च किया। इसके तहत गर्मी और हीटवेव से भिड़ने के लिए वॉटर कूलर, कूल रूफ आदि की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने लॉन्च किया हीट एक्शन प्लान
दिल्ली सरकार ने गर्मी और लू के खतरों को देखते हुए राजधानी दिल्ली में कई जरूरी कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज, सोमवार को दिल्ली सचिवालय में 'दिल्ली हीट एक्शन प्लान 2025' को लॉन्च किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह योजना न केवल वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित है, बल्कि जनहित और सामाजिक समावेशिता को केंद्र में रखकर तैयार की गई है। हीटवेव की इस योजना को NDMA (राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) के सहयोग से DDMA (जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण) द्वारा तैयार किया गया है।
इसके तहत की गई व्यवस्थाएं
- पूरे शहर में 3000 वॉटर कूलर लगाए जाएंगे – जिनमें से 1000 सड़कों पर, 1000 सरकारी भवनों में और 1000 उन स्थानों पर होंगे जहां अक्सर बेघर या राहगीर रहते हैं।
- फुटपाथों और बस स्टॉप्स पर कूलिंग शेड्स और ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी।
- सरकारी और निजी इमारतों में ‘कूल रूफ’ और ‘ग्रीन रूफ’ टेक्नोलॉजी को बढ़ावा दिया जाएगा।
- राजधानी के 5500 स्कूलों के 14 लाख बच्चों को आपदा प्रबंधन और हीटवेव से बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- झुग्गी-बस्तियों, निर्माण स्थलों और अस्पतालों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
- हीटवेव वार्ड्स, ORS और प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ के साथ सरकारी अस्पतालों को तैयार किया गया है।
- डिजिटल कोल्ड वॉटर डिस्पेंसर और कूल रूफ टेक्नोलॉजी की शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में तापमान पिछले कुछ वर्षों में 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो जनजीवन के लिए खतरे की घंटी है। ऐसे में सरकार की यह योजना एक 'जलवायु स्मार्ट दिल्ली' की दिशा में ठोस पहल है।
हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार हुई योजना
इस योजना में विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों, महिलाओं, दिव्यांगों और गरीब तबकों को प्राथमिकता दी गई है। मौसम विभाग के सहयोग से हीट अलर्ट सिस्टम को मजबूत किया गया है ताकि समय रहते चेतावनी दी जा सके और मदद मुहैया कराई जा सके।
मुख्यमंत्री ने आपदा मित्रों की टीम को फ्रंटलाइन वॉरियर्स बताते हुए उनकी भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ सरकार की नहीं, हर दिल्लीवासी की भागीदारी से चलने वाला जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पेड़ लगाएं, पानी बचाएं, जरूरतमंदों की मदद करें और हीटवेव से जुड़ी जानकारी को घर-घर तक पहुँचाएं।
पशु-पक्षियों का भी रखा गया ध्यान
इस योजना की एक खास बात यह है कि इसमें इंसानों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी पानी और छांव की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी संस्कृति हमें हर जीव के प्रति करुणा का भाव सिखाती है। यह योजना प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।