Delhi Murder Case: बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की दिल्ली में हत्या कर दी गई है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन की पार्किंग के चलते हुमा कुरैशी के चचेरे भाई पर हमला किया गया जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार लेन की है, जहां पर रात करीब 11 बजे स्कूटी को गेट से हटाकर साइड में लगाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने आसिफ कुरैशी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी और रिश्तेदारों का कहना है कि मामूली बात पर आरोपियों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।
मृतक की पत्नी शाइना ने बताया कि पहले भी पार्किंग विवाद को लेकर मेरे पति से उनका झगड़ा हुआ था। मेरे पति काम से लौट कर घर पहुंचे तो घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी लगी हुई थी जिसको हटाने के लिए उन्होंने पड़ोसी को कहा, लेकिन पड़ोसी ने स्कूटी हटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और किसी तेज धारदार नुकीली चीज से उनकी हत्या कर दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत हजरत निजामुद्दीन थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान उज्ज्वल (19) और गौतम (18) के रूप में हुई है तथा दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। वे चर्च लेन पर एक इमारत की दूसरी मंजिल पर रहते हैं, जो पीड़ित के घर से थोड़ी दूरी पर है। अधिकारी ने बताया कि घटनाक्रम और हमले में प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
