Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली-एनसीआर में आसमान से आग बरस रही है, यहां गर्मी का सितम बढ़ता ही जा रहा है। दिन के साथ ही अब रात में भी भी गर्मी से राहत नहीं है। दिन में तो पहले से ही धूप की तपिश के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रखा है। लेकिन, अब रात में भी गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में आज भी लू का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने इसके लिए सोमवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी में तीन दिन और लू के थपेड़े परेशान करने वाले हैं। हालांकि, राजधानी में मानसून भी जल्द पहुंचने वाला है। महज एक सप्ताह बाद राजधानी में राहत की बूंदें बरस सकती हैं, लेकिन तब तक प्रचंड गर्मी का सामना करना होगा।
आज दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज लू की स्थिति बनी रहने की आशंका है। सोमवार को 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है। आज भी यहां रात में गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ सकता है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री दर्ज हो सकता है। मंगलवार और बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा और लू की स्थिति बनी रह सकती है। साथ ही रातें भी गर्म रहने के आसार हैं। इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री के आसपास और न्यूनतम तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है।
दिल्ली में कब तक आएगा मॉनसून
मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में बुधवार के मौसम में हल्का बदलाव हो सकता है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के चलते देखने को मिलेगा। गुरुवार को दिल्ली में गरज के साथ बारिश और धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। दिल्ली में मॉनसून की बात करें तो यहां मॉनसून पहुंचने की आधिकारिक तारीख 27 जून है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में मॉनसून अपनी सामान्य तिथि के आसपास पहुंच सकता है।
रविवार को 44 डिग्री पार रहा पारा
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री रहा। रविवार को राजधानी में नमी का स्तर 45 से 35 तक रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में रविवार को दिन में 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। जिसके चलते दोपहिया वाहन वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता। इसके साथ ही सड़के ईर्द-गिर्द रहने वाले और खुले में काम करने वाले लोगों को भी गर्म हवाओं ने परेशान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
