शहर

West Bengal: मंत्री क्षुदीराम टुडू बनकर SSC भर्ती प्रभावित करने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल में मंत्री क्षुदिराम टुडू बनकर SSC की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कथित कोशिश के मामले में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है। SSC सचिव की WhatsApp संदेशों को लेकर शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

West Bengal News: पश्चिम बंगाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां राज्य के मंत्री क्षुदिराम टुडू के नाम पर कथित तौर पर फर्जी पहचान बनाकर कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई। इस मामले में बिधाननगर पुलिस ने जुल्फिकार अली नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई SSC सचिव की शिकायत के बाद की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिम बंगाल CID ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली है।

SSC सचिव को भेजे गए थे WhatsApp मैसेज

अधिकारियों के मुताबिक, SSC सचिव ने बिधाननगर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उन्हें WhatsApp के जरिए कुछ संदेश भेजे गए थे, जिनका मकसद चल रही भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करना और उससे जुड़े निर्देश या संदेश पहुंचाना था। शनिवार को मीडिया को जानकारी देते हुए CID के महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक नटराजन रमेश बाबू ने बताया कि SSC सचिव की लिखित शिकायत के आधार पर बिधाननगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इसके बाद जुल्फिकार अली को गिरफ्तार किया गया।

CID ने संभाली मामले की जांच

CID प्रमुख ने बताया कि शनिवार को इस मामले की जांच CID ने अपने हाथ में ले ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी।

झारखंड में भी परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

इससे पहले 15 सितंबर को झारखंड CID ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में CID ने रांची के रातू रोड इलाके से संजीत कुमार को पकड़ा था। अधिकारियों के मुताबिक, संजीत कुमार कथित तौर पर शिवांगन कोचिंग सेंटर चलाता था। उस पर एजेंट के रूप में काम करने और अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने का वादा कर पैसे लेने का आरोप है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article