Delhi News: दिल्ली में क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिष्ठित ब्रांड के नकली एंटासिड पाउडर और फर्जी कॉफी बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो अवैध यूनिटों का खुलासा किया। कार्रवाई में भारी मात्रा में नकली उत्पाद और मशीनरी बरामद हुई, जिससे इस संगठित रैकेट का बड़ा नेटवर्क सामने आया।
दो अवैध यूनिटों पर छापेमारी
जानकारी के मुताबित, क्राइम ब्रांच की साइबर सेल एवं स्पेशल टीम ने यह कार्रवाई राजधानी के मधु विहार इलाके में की जहां, नकली एंटासिड पाउडर और फर्जी कॉफी बनाने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अवैध यूनिटों पर छापेमारी की गई। इस पूरी घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
क्या-क्या हुआ बरामद?
बताया जा रहा है कि, कार्रवाई में एक लाख से ज्यादा नकली एंटासिड पाउडर के सैशे और 50 हजार से अधिक नकली कॉफी के पैकेट बरामद किए गए। इसके अलावा, मौके से फिलिंग मशीनें, कच्चा माल और पैकेजिंग से जुड़ा सामान भी जब्त किया गया। यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर मनजीत कुमार और इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस ऑपरेशन को एसीपी स्वागत पाटिल राजकुमार के मार्गदर्शन और डीसीपी राहुल अलवाल की निगरानी में सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
नकली टूथपेस्ट का हुआ था खुलासा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे पहले राजधानी के बाहरी इलाके कंझावला में चल रही एक फैक्ट्री का खुलासा हुआ था, जहां नकली टूथपेस्ट तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान वहां से बड़ी मात्रा में फर्जी टूथपेस्ट, खाली ट्यूब, कार्टन, फिलिंग और सीलिंग मशीनें, कच्चा पेस्ट और पैकेजिंग सामग्री बरामद की। इस मामले में फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान रोहिणी सेक्टर-2 निवासी हरिओम मिश्रा के रूप में हुई। साथ ही मौके पर मौजूद छह श्रमिकों को भी हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया था कि घटिया गुणवत्ता वाले इस नकली टूथपेस्ट से लोगों की सेहत को गंभीर खतरा हो सकता था।
