Hapur Encounter News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले शातिर अपराधियों के खिलाफ गढ़ मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस और जनपदीय स्वाट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 2 अक्टूबर की रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मौके से कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से हाल ही में हाइवे से लूटा गया लाखों रुपये के कपड़ों से भरा कैंटर, अवैध तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद किए गए हैं।
चेकिंग देखकर भागे बदमाश, पुलिस पर की सीधी फायरिंग
सीओ गढ़मुक्तेश्वर (DSP) राहुल यादव के अनुसार, 2 अक्टूबर को गढ़ कोतवाली पुलिस क्षेत्र के बगद तिराहे के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कैंटर आता दिखा। पुलिस ने जब चालक को रुकने का इशारा किया, तो वह गाड़ी रोकने के बजाय उसे पलवाड़ा रोड की तरफ भगा ले गया। घटना की सूचना तुरंत दूसरी पुलिस टीम को दी गई, जो बलवापुर मार्ग पर चेकिंग में तैनात थी। बलवापुर के पास पुलिस टीम ने मोर्चाबंदी कर कैंटर को रोक लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने वाहन से कूदकर भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' से UP कांग्रेस अध्यक्ष तक... कौन हैं आराधना मिश्रा 'मोना', जो बनीं यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल, 4 अन्य गिरफ्तार
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिससे एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने बाकी चार बदमाशों को भी घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान जावेद, अजीम, फरदीन, अमान और सुभान के रूप में हुई है। घायल बदमाश को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
गन पॉइंट पर अंजाम दी थी कैंटर लूट की वारदात
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 27-28 सितंबर की दरमियानी रात उन्होंने इसी रूट (बलवापुर-बृजघाट मार्ग) पर गन पॉइंट पर चालकों को बंधक बनाकर कपड़ों से लदे इस कैंटर को लूटा था। लुटेरे चालकों को अमरोहा जिले के जंगलों में फेंककर गाड़ी सहित फरार हो गए थे। क्षेत्राधिकारी (DSP), गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से 28 सितंबर को लूटा गया कपड़ों से भरा कैंटर, .315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो चले हुए खोखे और एक अवैध चाकू बरामद हुआ है। घायल अभियुक्त का अस्पताल में इलाज जारी है और सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
