शहर

Guwahati News: गुवाहाटी में शर्मनाक हरकत, नाइट क्लब में बाउंसरों ने महिला से की मारपीट, कपड़े उतारने का भी आरोप

क्लब की इमारत में तैनात एक सुरक्षा गार्ड के अनुसार, महिला कुछ दोस्तों के साथ पब में आई थी। उसने दावा किया कि महिला ने क्लब के अंदर बीयर की बोतल से एक महिला बाउंसर पर कथित तौर पर हमला किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

गुवाहाटी में शर्मनाक घटना।

Photo : PTI

Guwahati News: गुवाहाटी के एक नाइट क्लब में झगड़े के बाद बाउंसरों ने एक महिला के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसके कपड़े आंशिक रूप से उतार दिए। इस घटना का एक वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना बृहस्पतिवार देर रात खानापारा इलाके के एक नाइट क्लब में हुई बताई गई है। इस संबंध में पुलिस से तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

महिला कुछ दोस्तों के साथ पब में आई थी

'पीटीआई-भाषा’ वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका। वीडियो में एक महिला इमारत की पार्किंग में फर्श पर पड़ी दिख रही है और उसे कथित तौर पर बाउंसर पीट रहे हैं। बाद में एक अन्य महिला उसे बचाने के लिए आती दिखाई देती है। क्लब की इमारत में तैनात एक सुरक्षा गार्ड के अनुसार, महिला कुछ दोस्तों के साथ पब में आई थी। उसने दावा किया कि महिला ने क्लब के अंदर बीयर की बोतल से एक महिला बाउंसर पर कथित तौर पर हमला किया था।

महिला के साथ कथित रूप से मारपीट

गार्ड ने कहा कि इससे अन्य बाउंसर नाराज हो गए और वे महिला को नीचे पार्किंग क्षेत्र में ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

उसने आरोप लगाया कि बाउंसरों ने महिला के कपड़े भी आंशिक रूप से उतार दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज किया

रिपोर्टों के मुताबिक टकराव के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह भी पता नहीं चल सका है कि कथित मारपीट से पहले आखिर क्या हुआ था। जब मीडियाकर्मी नाइट क्लब पहुंचे, तो क्लब बंद मिला और उसकी लाइटें भी बंद थीं। क्लब प्रबंधन की ओर से कोई भी व्यक्ति बाहर आकर बात करने नहीं आया। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि क्लब से जुड़े किसी व्यक्ति से पूछताछ की गई है या नहीं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article