शहर

"मैं राहुल गांधी का 'हनुमान' हूं, पद तो आते-जाते रहते हैं", अध्यक्ष पद से हटने के बाद बोले अजय राय, नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा को दी बधाई

यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने खुद को राहुल गांधी का 'हनुमान' बताया। और नई अध्यक्ष आराधना मिश्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ने कहा, "हमसे इस्तीफा मांगा नहीं गया है। यह पार्टी का निर्देश है और मैं इसका पालन करता हूं।

Image

नई कांग्रेस टीम के गठन पर बोले अजय राय

Photo : ANI

Varanasi News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के संगठनात्मक बदलाव के बीच निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक बड़ा बयान दिया है। वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने खुद को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का 'हनुमान' करार दिया और कहा कि वे पद पर रहें या न रहें, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सत्ताधारी दल के खिलाफ उनकी लड़ाई पूरी ताकत से जारी रहेगी। आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हाईकमान द्वारा किए गए इस बड़े फेरबदल को स्वीकार करते हुए अजय राय ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के हर फैसले के साथ मजबूती से खड़े हैं।

"नेतृत्व ने मोदी से लड़ने को कहा, मैंने ताकत से लड़ाई लड़ी"

अजय राय ने प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के सवाल पर कहा कि उनसे इस्तीफा मांगा नहीं गया था, बल्कि यह संगठन का निर्देश है जिसका वह पूरी तरह पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि "राष्ट्रीय नेतृत्व जो भी फैसला करता है, मैं उसके साथ हूं। उन्होंने मुझसे कहा था कि मोदी से लड़ना है, और मैंने पूरी ताकत से खुलकर मुकाबला किया। मैं आगे भी इसी तरह लड़ता रहूंगा। मैं अपने नेता राहुल गांधी का 'हनुमान' हूं। वे जहां जाने को कहेंगे, मैं वहां खड़ा रहूंगा।"

गोरखपुर सांसद पर तंज: "स्पेन बनाने का दावा था, पर घरों में पानी भरा है"

वाराणसी में संवाददाताओं से बात करते हुए अजय राय ने भाजपा नेताओं पर भी जमकर जुबानी हमला बोला। उन्होंने रविकिशन पर तंज कसा और कहा कि "गोरखपुर के सांसद कहते थे कि हम गोरखपुर को स्पेन बनाएंगे, लेकिन आज वहां हालत यह है कि लोगों के घरों में पानी घुसा हुआ है। हमारा इस बार का समीकरण और मजबूत है और कार्यकर्ता मजबूती से मैदान में डटे हैं।"

नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा को दी बधाई

अजय राय ने पार्टी हाईकमान द्वारा नियुक्त की गई यूपी कांग्रेस की नई अध्यक्ष आराधना मिश्र 'मोना' को बधाई दी और उन्हें कार्यकर्ताओं के हित में काम करने का संदेश दिया। "मैं आराधना मिश्रा 'मोना' से जरूर कहना चाहूंगा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी ताकत से काम करें। जहां कहीं भी भाजपा सरकार, उनकी पुलिस, उनके गुंडे या संघ के लोग हमारे कार्यकर्ताओं पर अत्याचार या अन्याय करें, उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े रहें। हमारा पूरा सहयोग और स्नेह उनके साथ रहेगा।

अजय राय पिंडरा से ही लड़ेंगे चुनाव

अजय राय ने टाइम्स नाउ नवभारत से भी खास बातचीत की, जिसमें उन्होंने नई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए वह उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने जो फैसला लिया है, वह उसके साथ हैं और पार्टी का हर निर्णय उन्हें स्वीकार है। अजय राय ने कहा कि यूपी में सभी जातियों और वर्गों के लोगों ने उनका साथ दिया है और राजनीति में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जहां टीम भावना के साथ काम करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उनके दिल में हैं और उनका लक्ष्य उन्हें प्रधानमंत्री बनाना है। पार्टी में लोगों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन वह कांग्रेस के साथ मजबूती से जुड़े रहेंगे। समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ रिश्तों पर उन्होंने कहा कि वह किसी के आगे घुटने नहीं टेकते और उनका काम किसी को खुश करना नहीं है। उन्होंने यह भी दोहराया कि यदि अखिलेश यादव रायबरेली आ सकते हैं तो कांग्रेस भी सैफई और कन्नौज जा सकती है। सीट शेयरिंग का फैसला आलाकमान को करना है। पिंडरा से चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि पिंडरा उनका घर है और वह वहीं से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी में वापसी की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि वह बनारस आ गए हैं, यही उनकी घर वापसी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं है और वह अपने फायदे के लिए अपनी जमीर कभी नहीं बेच सकते।

End of Article