Chhattisgarh Korea News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पटना थाना क्षेत्र के सांवारावा गांव के पास शुक्रवार रात पिकअप और ऑटो-रिक्शा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो सवार तीन महिलाओं की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे सभी सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार रात करीब 8 बजे हुआ। ऑटो में लगभग 15 लोग सवार थे, जो एक दशगात्र में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका ऑटो पटना थाना क्षेत्र के सांवारावा गांव के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में जितिया पर बड़ा हादसा, पोखरे में नहाने गईं 4 बच्चियों की डूबने से मौत
3 महिलाओं ने मौके पर तोड़ा दम
हादसे की खबर मिलते ही पटना थाना पुलिस मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में से दो की पहचान फुलकुंवर और रामबाई के रूप में हुई है, जबकि तीसरी मृत महिला की शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है।
चालक पिकअप छोड़कर फरार
हादसे के तुरंत बाद आरोपी पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पटना थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि "पिकअप और ऑटो की भिड़ंत में तीन महिलाओं की मौत हुई है और 12 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से पिकअप का ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश के लिए नाकाबंदी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।"
