पंजाब के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ AAP नेता भगवंत मान ने CBI रेड को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, CBI रेड को देखने से साफ पता चलता है कि अब चुनाव आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भी चुनाव होते हैं, वहां बीजेपी इसी तरीके से CBI और ED का इस्तेमाल करती है। मान ने झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले ममता बनर्जी के करीबियों पर हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया।
भगवंत मान ने कहा, दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भी आम आदमी पार्टी के नेताओं पर कार्यवाही की गई। पंजाब में हुई रेड पर उन्होंने कहा कि असल में CBI को 5-6 घंटे चली रेड में कुछ हासिल नहीं हुआ है और वह खाली हाथ वापिस गए हैं। भगवंत मान ने कहा कि यह मुझे और मेरी सरकार को बदनाम करने की भाजपा की साजिश है, क्योंकि बीजेपी ने जो नशे के खिलाफ यात्रा निकाली वह फ्लॉप रही है।
बता दें कि CBI ने मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुमन सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और मंगलवार 6 अक्टूबर को पंजाब-चंडीगढ़ में आठ ठिकानों पर तलाशी ली थी।
'5-6 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला'
सीएम भगवंत मान ने दावा किया कि उनके कैंप ऑफिस में करीब 5-6 घंटे चली कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी को कुछ भी हासिल नहीं हुआ और वह खाली हाथ वापस गई। उन्होंने इसे खुद और अपनी सरकार को बदनाम करने की भाजपा की साजिश करार दिया। सीएम ने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ बीजेपी की ओर से निकाली गई यात्रा के बाद अब इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, इस मामले में पंजाब सरकार पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के CBI जांच के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे चुकी है।
AAP का आज पंजाबभर में प्रदर्शन
CBI-ED के कथित दुरुपयोग के विरोध में आम आदमी पार्टी ने आज पंजाबभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक दोपहर 2 बजे से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे।
AAP का आरोप है कि विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में केंद्रीय एजेंसियों का दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। पार्टी ने इसे भगवंत मान सरकार को बदनाम करने की साजिश बताया है।
