शहर

Chandigarh News: पेट्रोल लंगर क्या है? चंडीगढ़ के इस अनोखे लंगर को क्यों टाला गया?

Chandigarh News: चंडीगढ़ में 'पेट्रोल लंगर' का दावा इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में ‘जय माता दी’ बोलने वालों को 500-1000 रुपये के मुफ्त पेट्रोल कूपन देने की बात कही गई है।

Image

पेट्रोल पंप की सांकेतिक तस्वीर

Chandigarh News: लंगर शब्द तो आपने कई बार सुना होगा और लंगर खाया भी होगा। लेकिन इन दिनों चंडीगढ़ में एक अनोखे 'पेट्रोल लंगर' की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक व्यक्ति दावा करता दिख रहा है कि 'जय माता दी' बोलने पर श्रद्धालुओं को पेट्रोल के कूपन दिए जाएंगे। हालांकि, कहा जा रहा है कि भारी बारिश के कारण प्रस्तावित आयोजन को फिलहाल टाल दिया गया है। लेकिन इस मामले में एक खास बात यह भी है कि वीडियो में जिन पेट्रोल पंपों का जिक्र किया गया, उनके प्रतिनिधियों ने मीडिया से बात करते हुए इस आयोजन से किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार किया है।

500-1000 रुपये के पेट्रोल का दावा

वायरल वीडियो में राजा नाम का एक व्यक्ति दो दिन के Petrol Langar की योजना के बारे में जानकारी देता दिखाई दे रहा है। उसका दावा है कि आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-7 और सेक्टर-10 स्थित पेट्रोल पंपों पर होना था। वीडियो में बताया गया कि 'जय माता दी' बोलने वाले टू-व्हीलर मालिकों को 500 रुपये और 4-व्हीलर मालिकों को 1000 रुपये के पेट्रोल के कूपन दिए जाएंगे। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बारिश के कारण टला आयोजन!

एक अन्य वीडियो में राजा कथित तौर पर आयोजन स्थगित करने की जानकारी भी देता दिख रहा है। उसके मुताबिक, भारी बारिश के कारण 'पेट्रोल लंगर' को टाल दिया गया है और अब इसे शुक्रवार को सेक्टर10 स्थित पेट्रोल स्टेशन पर आयोजित करने की योजना है।

जैसा कि आप जानते ही हैं, पारंपरिक लंगर में लोगों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराया जाता है। प्रस्तावित पेट्रोल लंगर इसी अवधारणा का एक अलग और असामान्य रूप नजर आता है, जिसमें भोजन की जगह ईंधन उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।

कौन है पेट्रोल लंगर का आयोजक?

वीडियो में नजर आने वाले व्यक्ति की पहचान राजा के तौर पर बताई गई है। उसके सहयोगियों के अनुसार, वह अमृतसर का रहने वाला श्रद्धालु है और लगभग सात-आठ महीने से चंडीगढ़ में रह रहा है।

प्रमुख अंग्रेजी अखबार Times of India की रिपोर्ट के मुताबिक, उसके सहयोगियों का दावा है कि वह रोजाना कई घंटे ‘जय माता दी’ का जाप करता है और पहले भी अलग तरह के लंगर आयोजित कर चुका है। इनमें कथित तौर पर नकद और सोने के सिक्कों से जुड़े लंगर भी शामिल रहे हैं।

पेट्रोल पंप ऑनर्स ने किया किनारा

वायरल वीडियो में जिन पेट्रोल पंपों का नाम लिया गया है, उनके प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित 'पेट्रोल लंगर' से दूरी बना ली है। उन्होंने कहा कि उनका इस आयोजन से कोई संबंध नहीं है और पेट्रोल पंप सामान्य व्यावसायिक तरीके से संचालित होते हैं। प्रतिनिधियों के मुताबिक, उनके यहां किसी तरह की पेट्रोल कूपन व्यवस्था नहीं है और न ही राजा के साथ किसी तरह का लेनदेन या आयोजन संबंधी समझौता हुआ है।

सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हुआ 'पेट्रोल लंगर'?

पेट्रोल की बढ़ती कीमतें और मुफ्त ईंधन देने का दावा, इस पूरे मामले को सोशल मीडिया पर खासा आकर्षक बना रहा है। हालांकि, फिलहाल आयोजन से जुड़ी जानकारी मुख्य रूप से वायरल वीडियो में किए गए दावों पर आधारित है। पेट्रोल पंपों के इनकार के बाद यह साफ नहीं है कि शुक्रवार को प्रस्तावित ‘जय माता दी’ पेट्रोल लंगर वास्तव में आयोजित होगा या नहीं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article