Chandigarh: पंजाब की धरती को वीरों और शहीदों की धरती कहा जाता है। अब इसी राज्य के गुरदासपुर जिले के रहने वाले एक युवक ने ऐसा कमाल कर दिखाया है कि उसका नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। यहां के 20 वर्षीय कुंवर अमृतबीर सिंह ने एक मिनट में सबसे ज्यादा फिंगर टिप पुशअप्स कर के वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है। खास बात तो यह है कि मौजूदा समय में जहां युवा फिटनेस के लिए जिम और प्रोटीन सप्लीमेंट्स पर भरोसा कर रहे हैं, वहीं इस युवा ने गांव की दूध, देसी घी, मक्खन खाकर यह मुकाम हासिल किया है।
कुंवर गुरदासपुर के उमरवाला गांव के रहने वाले हैं। कुंवर ने अपनी ट्रेनिंग के लिए घर में मौजूद गौशाला में ही अपना देसी जिम बना रखा है। जहां पर प्रतिदिन घंटों ईंट, रेत से भरे बोरे और सीमेंटेड प्लास्टिक कैन्स का इस्तेमाल कर अपनी ट्रेनिंग करते हैं। कुंवर अमृतबीर ने हाल ही में 1 मिनट में क्लैप के साथ 45 फिंगर टिप पुशअप कर के वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। जिसके साथ उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। इस रिकॉर्ड के लिए कुंवर ने 8 फरवरी को अटेंप्ट किया था और 28 जुलाई को इन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की तरफ से कंफर्मेशन दिया गया।
