झारखंड में हांडू भगत की बेटी और आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले की जांच अब CBI करेगी। झारखंड सरकार की अधिसूचना के बाद केंद्र सरकार ने इस मामले की जांच CBI को सौंप दी है। CBI ने रांची के पिठोरिया थाने में दर्ज FIR को अपने पास लेकर 14 नवंबर 2026 को दोबारा मामला दर्ज किया है। CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1, नई दिल्ली में RC0482026S0007 नंबर से केस दर्ज किया गया है।
इस मामले में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। CBI ने केस अपने हाथ में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
निशा भगत 6 नवंबर को मृत पाई गईं इससे कुछ समय पहले ही उन्होंने फेसबुक लाइव किया था, जिसमें उन्होंने जमीन दलालों और राज्य प्रशासन पर परेशान करने और पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: निशा भगत की मौत पर महिला आयोग सख्त, परिवार ने बताया हत्या का मामला
एक भावुक फेसबुक लाइव के बाद निशा की कथित आत्महत्या
गौर हो कि 10 नबंवर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को घोषणा की कि 'आदिवासी कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की मौत की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी' और उन्होंने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। एक भावुक फेसबुक लाइव के बाद निशा की कथित आत्महत्या ने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शनों को जन्म दिया है और लोग स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की घोषणा की। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब विपक्षी दल भाजपा, उसके अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा और कई आदिवासी संगठनों की ओर से CBI जांच की मांग तेज हो गई थी।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ FIR दर्ज
यह फैसला उस दिन आया था जब पुलिस ने निशा के पिता, हांडू भगत की शिकायत के आधार पर दो लोगों-केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ FIR दर्ज की। निशा की मौत से पहले उनकी शिकायतों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने के बाद, पिठोरिया थाने के प्रभारी सतीश कुमार पांडे को भी उनके पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया। निशा ने अपने फेसबुक लाइव सेशन के दौरान पांडे को फोन किया था और उन्हें बताया था कि वह सोशल मीडिया पर लाइव हैं और अपनी जान देने जा रही हैं।
