Bihar Weather Today: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है, लेकिन एक्टिव मौसमी सिस्टम के कारण आज यानी बुधवार को राज्य के 18 जिलों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर ठनका गिरने की भी चेतावनी है। हालांकि, राज्य में भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है। पटना सहित अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
सुपौल से गुजर रही मानसून वापसी की रेखा
दक्षिण-पश्चिम Monsoon बिहार से धीरे-धीरे पीछे हट रहा है। मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है। इसके चलते राज्य में बारिश का असर लगातार कम हो रहा है। दिन के तापमान में अगले कुछ दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर उत्तर-पूर्व बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ बना हुआ है। यह झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रहा है। इसके प्रभाव से बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
दक्षिण बिहार से विदर्भ तक भी ट्रफ एक्टिव
एक अन्य ट्रफ समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर दक्षिण बिहार से विदर्भ तक बना हुआ है। यह पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रहा है। इसके प्रभाव से दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है।
हालांकि, उत्तर-पूर्व असम और आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण अब कमजोर हो रहा है। उत्तर बांग्लादेश से ओडिशा तक गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होकर बना ट्रफ भी कमजोर पड़ गया है। इसलिए राज्य में फिलहाल भारी बारिश का कोई बड़ा सिस्टम एक्टिव नहीं है।
बाढ़ से 8 लाख लोग प्रभावित
मानसून की विदाई के बीच बिहार में बाढ़ की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है। राज्य के छह जिलों के साढ़े चार सौ से ज्यादा गांव अब भी बाढ़ की चपेट में हैं और करीब 8 लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। इनमें सारण में बाढ़ का असर सबसे ज्यादा है।
हालांकि, राजधानी पटना में गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे नीचे आने लगा है, जिससे राहत की उम्मीद बढ़ी है। पिछले 24 घंटे में मुंगेर, गया, बांका और मोतिहारी सहित कुछ जिलों में बारिश देखने को मिली है। राजधानी पटना में मंगलवार को दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही।
पटना में कैसा रहेगा मौसम?
पटना में बुधवार 7 अक्टूबर को मौसम मुख्य रूप से गर्म और उमस भरा रहने का अनुमान है। दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान बढ़ सकता है। बीच-बीच में बादल छाने की संभावना है, लेकिन राजधानी में बारिश की संभावना कम ही है।
