शहर

Begusarai News: बेगूसराय में सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट, बस स्टैंड के पास 3 लोगों को लगी गोली, फायरिंग से दहला इलाका

Begusarai Firing: बेगूसराय में बस स्टैंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने सुबह-सुबह कई राउंड फायरिंग की। गोली लगने से तीन लोग घायल हो गए। जिनमें एक की हालत गंभीर है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

Image

फायरिंग में घायल हुए तीनों लोग अस्पताल में भर्ती

Photo : Times Now Digital

Begusarai Firing: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह-सुबह बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। कई राउंड हुई फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

फल की दुकान खोलते समय हुई फायरिंग

जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज वारदात नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास उस समय हुई जब लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। इस गोलीबारी में घायल होने वालों में गाछी टोला निवासी मनोज पासवान, अर्जुन शाह और एक ऑटो चालक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि अर्जुन शाह सुबह बस स्टैंड के पास अपनी फल की दुकान खोल रहे थे। उस समय गाछी टोला निवासी मनोज पासवान भी वहां मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी की पहचान के लिए CCTV फुटेज की जांच

फायरिंग में घायल हुए तीनों लोगों को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इलाके में गोलीबारी की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, इस दौरान से कई खोखे बरामद किए हैं। पुलिस गोलीबारी से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग से बस स्टैंड और आसपास के पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article