शहर

Bihar Weather: कोल्ड डे और बर्फीली हवाओं से ठिठुरा बिहार, कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट; पटना में स्कूल बंद

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3-January-2026 पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में जाने आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर बिहार में देखने को मिल रहा है। शीतलहर, बर्फीली पछुआ हवाओं और घने कोहरे ने प्रदेश की रफ्तार लगभग थाम दी है। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तापमान 27 साल के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के संचालन में बदलाव किया है। आइए जानते हैं कैसा है बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में बढ़ा ठंड का प्रकोप

Photo : Times Now Digital

Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 3-January-2026: साल बदल गया है लेकिन बिहार में मौसम की सख्ती नहीं बदली है। भीषण ठंड और कोहरे के कारण राज्य की रफ्तार कम हो गई है। पटना में बढ़ते ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 5 तक के सभी स्कूलों में 5 जनवरी तक छुट्टी कर दी है। वहीं कक्षा 5 से ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक चलाने करने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार बिहार में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से काफी नीचे है। यह स्थिति साल 1998 के बाद पहली बार सामने आई है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है, जिससे कनकनी और गलन बढ़ गई है।

घना कोहरा और पछुआ हवाएं बढ़ा रहीं परेशानी

सुबह के समय 90 से 95 प्रतिशत तक नमी रहने के कारण कई जिलों में मध्यम से लेकर अत्यंत घना कोहरा छाया हुआ है। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। दिन के समय हल्की धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन ठंडी हवाएं ठिठुरन बनाए रखती हैं।

कई जिलों में अलर्ट, गया में शून्य विजिबिलिटी

पटना, गया, वैशाली और नालंदा समेत कई जिलों में बेहद घना कोहरा दर्ज किया गया। इस सीजन में पहली बार गया में दृश्यता शून्य मीटर रिकॉर्ड की गई। तराई और सीमावर्ती जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में सहरसा सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा वैशाली, नालंदा, छपरा, बक्सर और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में भी तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

आज कैसा रहेगा मौसम

आज यानी शनिवार को बिहार के मौसम में घने कोहरे का असर साफ दिखाई देगा। हिमालय से सटे तराई क्षेत्रों और पश्चिमी सीमावर्ती जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है। इसे देखते हुए पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल समेत कुल 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया सहित अन्य जिलों में भी घना कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है, जिस कारण येलो अलर्ट लागू किया गया है।

कब मिलेगी राहत?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 6 जनवरी तक कोल्ड डे जैसे हालात बने रह सकते हैं। 8 जनवरी के बाद कोहरे और ठंड में आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है। फिलहाल प्रदेशवासियों को अगले कुछ दिनों तक ठंड से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article