Saran News: बिहार के सारण जिले से खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे लोगों को राहत सामग्री बांटने के दौरान मकेर थाना अध्यक्ष (SHO) संग्राम कुमार सिंह द्वारा जनता पर पिस्तौल तानने का मामला तूल पकड़ गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सारण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच राहत सामग्री बांटी जा रही थी। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर मकेर के थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह आपा खो बैठे। सोशल मीडिया पर तेजी से फैले वीडियो में थानाध्यक्ष कथित तौर पर हाथ में पिस्टल लेकर राहत की आस लगाए खड़े बाढ़ पीड़ितों की तरफ तानते और धमकाते दिखाई दिए। वीडियो सामने आते ही प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में पुलिस के इस तानाशाही रवैये को लेकर भारी आक्रोश फैल गया।
सारण SSP कार्यालय का आधिकारिक बयान
सारण पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा गया कि क्षेत्र में बाढ़ राहत सामग्री बांटने के दौरान जनता की ओर पिस्तौल तानते हुए वायरल हुए वीडियो के आधार पर मकेर थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही दिया जाएगा।
6 जिलों के करीब 10 लाख लोग प्रभावित
नेपाल और आसपास के जलग्रहण क्षेत्रों में सितंबर के अंतिम सप्ताह में हुई भारी बारिश के कारण उत्तर बिहार की नदियां उफान पर हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों में भयंकर बाढ़ आ गई है। इससे 6 जिलों के 30 ब्लॉकों की 169 ग्राम पंचायतें में लगभग 9.87 लाख लोग प्रभावित हैं। फिलहाल सारण, पश्चिम चंपारण, पूर्व चंपारण, गोपालगंज, दरभंगा और मुजफ्फरपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं।
