Bihar News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद दर्दनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली से अपने नाबालिग प्रेमी के साथ भागकर आई एक 16 वर्षीय किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को सुरक्षित बचा लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मदद के बहाने बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, किशोरी मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और दिल्ली में रहती थी। वह 13 मार्च की रात अपने नाबालिग प्रेमी के साथ घर से भागकर बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। स्टेशन पर दोनों को अकेला और अनजान देखकर दो युवकों ने उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया। आरोपियों ने उन्हें सुरक्षित रहने की जगह दिलाने का भरोसा दिया, जिस पर भरोसा करके दोनों उनके साथ चले गए।
किराए के मकान में दिया वारदात को अंजाम
आरोपी दोनों को एक सुनसान इलाके में स्थित किराए के मकान में ले गए। वहां 14 मार्च की रात आरोपियों ने लड़की के साथ दरिंदगी की। इस दौरान लड़की का प्रेमी किसी तरह उनके चंगुल से भागने में कामयाब रहा और उसने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की छापेमारी और बड़ा खुलासा
प्रेमी की सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। पुलिस ने कमरे से लड़की को बरामद किया और मौके से एक आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान पुलिस को वहां से एक और किडनैप हुआ नाबालिग लड़का भी मिला, जिसे आरोपियों ने बंधक बना रखा था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस का बयान
सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। घटना का दूसरा आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और उसकी काउंसलिंग की जा रही है।
