Patna Bihar News: बिहार में 1799 पदों पर दारोगा भर्ती की मुख्य परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज यानी सोमवार 5 अक्टूबर को पटना की सड़कों पर उतर आए हैं। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास की ओर मार्च का ऐलान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए गांधी मैदान और जेपी गोलंबर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग के साथ बड़ी संख्या में जवानों को तैनात किया है।
गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से हो चुकी है। इसके बाद उन्होंने लोक सेवक आवास की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। कई स्थानों पर कंटीले तार भी लगाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों की ओर से जवानों को भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत गांधी मैदान और आसपास के प्रमुख रास्तों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है।
क्यों रद्द हुई दारोगा की मेन्स परीक्षा?
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत 1799 पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पदों के लिए 27 मई 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की थी। आयोग ने 23 सितंबर को इस परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से रद्द करने का नोटिस जारी किया था। नई परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जानी है।
परीक्षा रद्द होने के फैसले से सफल अभ्यर्थियों में नाराजगी है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक करीब 10,789 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के बाद अगले चरण के लिए सफल हुए थे। अब ये अभ्यर्थी परीक्षा रद्द करने के फैसले का विरोध कर रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
