Ujjain Rape Case: मध्य प्रदेश के उज्जैन में नाबालिग से रेप के मामले पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने दो टूक कहा है कि ऐसे दुष्कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसा करने वालों को जीने का कोई हक नहीं है। ऐसे कृत्य भारत माता को आघात पहुंचाते हैं। सरकार को ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
दरअसल, यह पूरा मामला 25 सितंबर, 2023 का है। महाकाल की नगरी में उस रोज 12 साल की मासूम के साथ जघन्य बलात्कार की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद वह दर्द से कराहती हुई इधर-उधर भटकती रही। पीड़िता इस दौरान लगभग आठ किलोमीटर चली और लोगों के घरों के पास भी गुजरी मगर किसी ने उसकी मदद को हाथ न बढ़ाया।
हालांकि, इस दौरान एक पुजारी देवदूत बनकर आगे आए और उसे कपड़े दिए। साथ ही पुलिस को भी इस बारे में खबर दी। पीड़िता जब बदहवास हालत में घूम रही थी तब वह ठीक से बोल नहीं पा रही थी। उज्जैन से सटे इंदौर के सरकारी अस्पताल में बुधवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों के दल ने उसका ऑपरेशन किया, जिसके बाद उसकी स्थिति नाजुक बताई गई।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अफसर ने बताया कि यह लड़की उज्जैन से गंभीर हालत में मंगलवार को इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में भेजी गई थी, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर है। विशेषज्ञ चिकित्सक लड़की के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे हैं। हालांकि, इससे पहले सूबे के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पीड़ित लड़की का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
