Panna Accident: मध्य प्रदेश जिले के पन्ना जिले के पवई में गुरुवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक तेज रफ्तार कार करीब दो दर्जन ग्रामीणों को कुचल दिया, इनमें से कई गंभीर रूप से घायल हो गए। दशहरे की शाम प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे एक जुलूस में अनियंत्रित बोलेरो घुस गई और करीब दो दर्जन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल सवार भी शिकार हुआ है।
दो की मौत, 14 घायल
प्रतिमा विसर्जित करने के लिए जुलूस पवई मोहंद्रा मार्ग पर खमरिया मोड़ के पास पहुंचा ही था कि एक तेज रफ्तार बोलेरो कार जुलूस से टकरा गई। घायलों को तुरंत पवई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को कटनी, जबलपुर रेफर कर दिया गया, वहीं इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में अबतक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार हुआ ड्राइवर
सूचना मिलने पर पवई विधायक प्रहलाद लोधी पवई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और कटनी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, पन्ना कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल भी की जा रही है।
खंडवा में भी हुआ था हादसा
बता दें कि विजयदशमी के मौके पर मूर्ति विसर्जन के दौरान खंडवा जिले में भी एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव के पास आबना नदी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लापता हैं। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 14 से ज्यादा लोग सवार थे।
