खंडवा : जिले में विजयदशमी के दिन एक बड़ा हादसा हुआ। माता की प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पंधाना थाना क्षेत्र के जामली गांव के पास आबना नदी में गिर गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य लापता हैं। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से शवों को बाहर निकाला गया और पंधाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिया पार कर रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में जा गिरी। ट्रॉली में महिलाओं और बच्चों सहित करीब 14 से ज्यादा लोग सवार थे। हादसे के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने का प्रयास किया।
खबर लिखे जाने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही खंडवा के कलेक्टर और एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी शुरू कर दी।
इन 11 लोगों के मौत की पुष्टि
इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में शर्मिला (16 वर्ष), आरती (18 वर्ष), दिनेश (16 वर्ष), उर्मिला (16 वर्ष), गणेश (16 वर्ष), किरण (14 वर्ष), पातलीबाई (22 वर्ष), रेव सिंह (12 वर्ष), आयुष (10 वर्ष), संगीता (16 वर्ष), और चंदा (8 वर्ष) शामिल हैं।
सीएम ने जताया दुख
हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "खंडवा के ग्राम जामली और उज्जैन के समीप इंगोरिया थाना क्षेत्र में दुर्गा विसर्जन के दौरान हुए हादसे अत्यंत दुखद हैं। शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। देवी मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और शोक संतप्त परिजनों को संबल हेतु प्रार्थना है।"
उज्जैन में चंबल नदी में गिरा ट्रैक्टर-ट्रॉली
उधर, उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र स्थित नरसिंह घाट पर विसर्जन अनुष्ठान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। देवी दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चंबल नदी में गिर गई। इस दुर्घटना में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हादसे से पूरे बड़नगर क्षेत्र में शोक की लहर है। सीएम मोहन यादव ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता की घोषणा की।ई।
सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी-ग्रामीण) अभिषेक रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘12 वर्षीय एक लड़के ने गलती से ट्रैक्टर की ‘इग्निशन’ चाबी घुमा दी, जिससे वह चालू होकर आगे बढ़ गया और मूर्तियों से लदी ट्रॉली पुल से फिसलकर नदी में जा गिरी। उसमें सवार लोग भी पानी में गिर गए।
उन्होंने कहा, ‘‘उनमें से 11 लोगों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। बचाए गए चार लोगों को इलाज के लिए गौतमपुरा अस्पताल ले जाया गया। एक व्यक्ति लापता है और उसकी तलाश जारी है। एएसपी ने बताया कि पुलिस और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीम स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव अभियान चला रही हैं। सूत्रों ने बताया कि दो घायल बच्चों की हालत गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी पानी में डूबने लगे। ग्रामीणों के साथ ही मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया और 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाए गए लोगों में से दो बच्चे 16 वर्षीय पृथ्वी राज और 8 वर्षीय वंश ने गौतमपुरा अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, 10 वर्षीय अमीश और 6 वर्षीय अंश की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें इंदौर के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। शुभम नाम का एक युवक अभी भी लापता है, जिसकी तलाश गोताखोर कर रहे हैं।
