Bhopal News: अमेजन जैसी नामी कंपनी में नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर युवाओं से लाखों की ठगी करने वाले एक आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान तलैया के रहने वाले नबील सिद्दीकी के तौर पर हुई है। नबील पहले अमेजन की पुणे शाखा में बतौर टेलीकॉलर काम कर चुका है और उसने अपने इसी अनुभव का गलत इस्तेमाल करते हुए फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ठगी का नेटवर्क खड़ा किया था। वह इस ई-मेल से नकली जॉइनिंग लेटर भेजता था ताकि उसका जाल असली लगे।
इंटरव्यू के नाम पर करता था
नबील युवकों को ग्रुप में भर्ती का झांसा देता था और हर इंटरव्यू के नाम पर 10-10 हजार रुपये की वसूली करता था। एडिशनल डीसीपी (क्राइम) शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, आरोपी ने अब तक लगभग 80 लोगों से करीब 8 लाख रुपये ठगे हैं, असल रकम इससे कहीं अधिक होने की संभावना है।
एक साल से था फरार
इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा फरियादी सलमान खान की शिकायत के बाद हुआ। क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी भरत प्रजापति ने बताया कि आरोपी ने पहले 30, फिर 50 और फिर 100 लोगों की भर्ती की योजना बताकर लोगों को झांसे में लिया। एक साल से फरार चल रहे नबील की तलाश में क्राइम ब्रांच जुटी हुई थी। आरोपी का मोबाइल जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और पूछताछ में कई बड़े खुलासों की उम्मीद जताई गई है। फिलहाल उससे गहराई से पूछताछ जारी है और उसकी ठगी के असल आंकड़ों को जानने के प्रयास किए जा रहे हैं।
