Rajasthan Panchayat Election: राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तीसरे चरण के तहत मंगलवार (3 नवंबर) को मतदान की प्रक्रिया जारी है। राज्य के 27 जिलों के तहत आने वाली 116 पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 6:00 बजे तक चलेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
तीसरे चरण के आंकड़े और चुनावी तस्वीर
तीसरे चरण के तहत 116 पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्यों का चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराया जा रहा है। करीब 1.07 करोड़ ग्रामीण मतदाता इस चरण में वोट डालने के लिए पात्र हैं। पूरे प्रदेश में 11,869 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- VIDEO: नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, लैंडिंग के दौरान हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत
राजस्थान पंचायती राज चुनाव 2026 का पूरा शेड्यूल
राज्य में पंचायती राज चुनाव चार प्रमुख चरणों में आयोजित किए जा रहे हैं। तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पंच और सरपंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान होगा, जबकि उपसरपंचों का चुनाव छह नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 25 और 26 नवंबर को कराए जाएंगे। वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे।
