शहर

आपत्तिजनक हालत में महिला संग ASI को ग्रामीणों ने पकड़ा, फिर सर्विस पिस्टल से चलीं 4 गोलियां, एक की मौत

बिहार के मधुबनी में महिला के घर पहुंचे ASI पर ग्रामीणों पर चार राउंड फायरिंग करने का आरोप है। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Image

मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार घटना की जानकारी लेते हुए (Times Now Navbharat)

Crime News: बिहार के मधुबनी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने खाकी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, यहां एक पुलिसकर्मी पर अपनी ही सर्विस पिस्टल से ग्रामीणों पर गोली चलाने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि एक महिला के घर पहुंचे ASI को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। इसी दौरान विवाद हुआ और आरोप है कि ASI ने अपनी पिस्टल से लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना में चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। इनमें से एक शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

महिला के घर पहुंचे थे ASI, ग्रामीणों से हुआ विवाद

यह पूरा मामला मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ का है। जानकारी के मुताबिक, बाबूबरही थाने में तैनात एक ASI की इलाके में ड्यूटी लगी हुई थी। इसी दौरान आसपास के गांव की एक महिला के साथ उसके कथित संबंधों की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात ASI महिला के घर पहुंचा था। इसी बीच कुछ ग्रामीणों ने उसे महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इसके बाद मौके पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते ग्रामीणों ने ASI को घेर लिया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: RSS मार्च में शामिल हुए जोहो के मालिक श्रीधर वेंबू

ASI पर चार राउंड फायरिंग का आरोप

आरोप है कि ग्रामीणों से घिरने के बाद ASI ने अपनी सर्विस पिस्टल निकाल ली और लगातार चार राउंड गोलियां चला दीं। गोलीबारी में अशोक यादव समेत चार ग्रामीण घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अशोक यादव को बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जारी है।

SSP ने संभाला मोर्चा, गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित

घटना की जानकारी मिलते ही मधुबनी के SSP योगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। SSP के मुताबिक, आरोपी ASI के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। उसके विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो विशेष टीमें बनाई हैं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। SSP ने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव और पुलिस महकमे में हलचल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article