शहर

अगर आप भी Sick Leave लेकर घूमने चले जाते हैं तो ये खबर पढ़ लें, ऐसी गलतियां करने से बच जाएंगे

क्या आपने कभी ये नोटिस किया है कि कुछ लोग शुक्रवार और सोमवार को ही ज्यादा बीमार पड़ते हैं। शनिवार और रविवार के साथ तीन दिन की छुट्टी में घूमने का प्लान बनाने वाले लोग अक्सर इस तरह का झूठ दफ्तर में बोलते हैं। पकड़े जाने पर नौकरी पर भी खतरा हो सकता है।

Image

झूठ बोलकर छुट्टी पर गया शख्स और पकड़ा गया (फोटो - AI Image)

क्या आपने भी कभी दफ्तर से झूठ बोलकर छुट्टी ली है। क्या आप भी शुक्रवार या सोमवार को सेहत खराब होने का बहाना बनाकर तीन दिन की छुट्टी एंजॉय करते हैं। अगर आप भी तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर छुट्टी मनाने कहीं बाहर चले जाते हैं तो सावधान! क्योंकि अगर आपकी यह हरकत पकड़ी गई तो आपको लेने के देने पड़ सकते हैं। बेंगलुरु के एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ है। चलिए हम बताते हैं अगर आप झूठ बोलकर छुट्टी लेते हैं और फिर घूमने चले जाते हैं तो किन गलतियों से बचें और बेंगलुरु के शख्स ने क्या गलती की।

सबसे पहले तो हमारी आपको सलाह होगी कि दफ्तर में झूठ बोलकर छुट्टी न लें, क्योंकि अगर आपका यह झूठ पकड़ा गया तो आपको दफ्तर में काफी कुछ झेलना पड़ सकता है। आपका मैनेजर आपके खिलाफ कार्रवाई भी कर सकता है। खासतौर पर इस दौर में तो बहुत सतर्क रहने की जरूरत है, जब पूरी दुनिया कनेक्टिड है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर एक यूजर ने अपनी मजेदार कहानी बयां की, जो उनकी पोल खुलने पर उनके लिए शर्म की वजह बन गई। यूजर ने बताया कि कैसे उनके पूरे प्लान का खुलासा हुआ। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने बीमारी का झूठा बहाना बनाकर वीकेंड पर कुर्ग घूमने का प्लान बनाया। वह कुर्ग घूमने गए भी, लेकिन एक वायरल इंस्टाग्राम रील ने उनकी पोल खोल दी।

बीमारी का बहाना बनाकर शुक्रवार को ऑफिस से छुट्टी मिली और वह घूमने के लिए कुर्ग पहुंच भी गए, वहां खूब एंजॉय किया। एक होम स्टे में शांतिपूर्ण माहौल का लुत्फ लिया। फिर छुट्टी मनाकर वापस आए और सोमवार को हमेशा की तरह दफ्तर पहुंच गए। उन्हें लगा कि उनकी कुर्ग में छुट्टी मनाने की किसी को भनक भी नहीं लगी, पूरे कॉन्फिडेंस के साथ दफ्तर में एंट्री ली। लेकिन मामला तब बिगड़ा, जब एक बैकग्राउंड रील वायरल हो गई, जिसमें कोई व्यक्ति खुशी से नाच रहा था। यही नहीं इंस्टाग्राम पर इस रील को 13 हजार लाइक्स भी मिल चुके थे। ट्विस्ट ये था कि इस इंस्टाग्राम रील में उस व्यक्ति को टैग किया गया था, जो बीमारी का बहाना बनाकर शुक्रवार को दफ्तर नहीं आया था।

सोमवार के उस व्यक्ति के मैनेजर ने बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप उस व्यक्ति को उसी रील का लिंक भेज दिया। इसके साथ ही लिखा, 'उम्मीद है अब आपका पेट ठीक होगा।' यूजर ने बताया कि वह अब भी उसी जगह नौकरी कर रहे हैं, उनकी इस हरकत के बाद उन्हें नौकरी से निकाला नहीं गया है। लेकिन इसके बाद से उनकी वर्क फ्रॉम होम की किसी भी रिक्वेस्ट को भी मंजूर नहीं किया गया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैनेजर अब मुझ पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

इस घटना के बाद एक बात तो गांठ बांध लें कि अगर आपने बीमारी का बहाना बनाकर या किसी दूसरी बात का बहाना बनाकर छुट्टी ली है तो छुट्टी मनाने न जाएं। अगर जा भी रहे हैं तो सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखें। फोटो न लें तो बेहतर है, अगर ले रहे हैं तो उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें। अगर साथ में दोस्त भी जा रहे हैं और उन्होंने फोटो ली है तो उन्हें भी समझा दें कि वे या तो आपकी फोटो न लें, अगर ले रहे हैं तो सोशल मीडिया न डालें और आपको टैग न करें। अगर झूठ बोलकर छुटी ली है और छुट्टी मनाने जा रहे हैं तो डिजिटल डीटॉक्स करें और मोबाइल, कैमरा आदि से दूरी बनाकर छुट्टी को प्रकृति के साथ एंजॉय करें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article