Mumbai Building Fire News Today: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के अंधेरी, कांदिवली और गोरेगांव इलाकों में शनिवार रात बहुमंजिला इमारतों में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं, हालांकि इनमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि इनमें से कुछ घटनाएं पटाखों की वजह से होने की आशंका है।
बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी)के एक अधिकारी ने बताया कि पहली घटना की सूचना रात करीब 9:20 बजे कांदिवली पश्चिम में गणेश मार्केट के पास, ओल्ड लिंक रोड पर स्थित सिरिया बिल्डिंग से मिली।
उन्होंने बताया कि 22 मंजिला इमारत में लगी आग भूतल पर बने 'ड्राई रिफ्यूज एरिया' ( ऊंची इमारतों या मॉल में बनाई जाने वाली एक विशेष सुरक्षित जगह) और पुराने, कबाड़ हो चुके डीजल जनरेटर सेट तक ही सीमित रही। आग पर रात 10:15 बजे तक काबू पा लिया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 9:25 बजे गोरेगांव पूर्व के रॉयल पाम्स स्थित मोरक्कन अपार्टमेंट में भी आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि आग इमारत की 19वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट की गैलरी में लगी थी। अधिकारियों के मुताबिक आग के कारण बिजली के तार और साजोसामान, घरेलू सामान और कपड़े जल गए। उन्होंने बताया कि आग पर रात 9:52 बजे काबू पा लिया गया।
'तीनों घटनाओं के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका'
एक अधिकारी ने बताया कि महानगर में आग लगने की तीसरी घटना की जानकारी रात करीब 9:50 बजे अंधेरी वेस्ट में लोखंडवाला ब्रिज के पास रुनवाल टॉवर से मिली।
उन्होंने बताया कि आग से 17वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 1701 की बिजली की वायरिंग और घर का सामान प्रभावित हुआ। हालांकि आग को रात 10:37 बजे तक नियंत्रित कर लिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि तीनों घटनाओं के सटीक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
