देश

नाबालिग ने नर्सिंग होम के शौचालय में खुद दिया बच्चे को जन्म; मां-बाप को नहीं लगने देनी थी खबर, खिड़की से बाहर फेंका

West Bengal Crime News Minor Pregnancy: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने नर्सिंग होम के शौचालय में बच्चे को जन्म देने के बाद उसे खिड़की से बाहर फेंक दिया, जिससे नवजात की मौत हुई।

Image

नाबालिग ने नर्सिंग होम के शौचालय में खुद दिया बच्चे को जन्म; मां-बाप को नहीं लगने देनी थी खबर, खिड़की से बाहर फेंका

Hooghly Minor Girl Gives Birth Nursing Home: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक नाबालिग लड़की ने कथित तौर पर बच्चे को जन्म देने के कुछ मिनट बाद उसे नर्सिंग होम के शौचालय की खिड़की से बाहर फेंक दिया, जिससे नवजात की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिले के उत्तरपाड़ा पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 16 वर्षीय लड़की ने पेट में तेज दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद परिवार के सदस्य उसे शुक्रवार देर रात उत्तरपाड़ा नगरपालिका के नर्सिंग होम में लेकर आए थे।

पुलिस अधिकारी ने कहा, 'प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शनिवार सुबह पेट में दर्द बढ़ने की शिकायत के बाद लड़की शौचालय गई थी। वहां उसने बिना किसी की मदद के बच्चे को जन्म दिया।' उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम प्रबंधन का आरोप है कि नाबालिग ने नवजात को शौचालय की खिड़की से बाहर फेंक दिया।

'नवजात को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा'

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने नवजात को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और अधिकारियों को इसकी सूचना दी। एक नर्स बच्चे को अंदर ले जाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नवजात बच्ची थी।

अधिकारी ने बताया कि किशोरी के परिवार के सदस्यों ने दावा किया है कि उन्हें उसकी गर्भावस्था के बारे में जानकारी नहीं थी।

उन्होंने कहा, 'परिवार के सदस्य उसे यह सोचकर नर्सिंग होम लाए थे कि उसे सामान्य पेट दर्द के अलावा कोई परेशानी नहीं है। हम उनके दावों की पुष्टि कर रहे हैं।'

'पेट में दर्द बढ़ने पर वह खुद शौचालय गई'

नर्सिंग होम की संचालक सुचेता मुखर्जी ने संवाददाताओं को बताया कि नाबालिग को शुक्रवार देर रात भर्ती कराया गया था और शनिवार सुबह उसके खून की जांच की गई थी।

मुखर्जी ने कहा, 'शनिवार सुबह पेट में दर्द बढ़ने पर वह खुद शौचालय गई। वहां उसने बिना किसी की मदद के बच्चे को जन्म दिया और नवजात को खिड़की से बाहर फेंक दिया।'

उन्होंने दावा किया कि नर्सिंग होम के कर्मचारियों ने भर्ती के समय लड़की के परिवार के सदस्यों से कई बार पूछा था कि क्या वह गर्भवती हो सकती है, लेकिन परिवार ने इस बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया था।

'पता नहीं था कि हमारी बेटी गर्भवती है'

लड़की की मां ने संवाददाताओं से कहा, 'हमें पता ही नहीं था कि हमारी बेटी गर्भवती है। कल शाम पेट में तेज दर्द की शिकायत के बाद हम उसे नर्सिंग होम लेकर आए थे। आज सुबह अस्पताल से फोन आया और हमें इस घटना के बारे में पता चला।'

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा, 'हम घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हम नर्सिंग होम के सीसीटीवी फुटेज की जांच करेंगे और इस संबंध में लड़की के माता-पिता तथा परिवार के अन्य सदस्यों से बात करेंगे।'

इस बीच, स्थानीय लोगों ने दावा किया कि नर्सिंग होम में इस तरह की यह पहली घटना नहीं है। स्थानीय निवासी शंख शुभ्र बनर्जी ने दावा किया, 'इस तरह की घटनाएं यहां अक्सर होती हैं। पहले भी परिसर से एक भ्रूण बरामद किया गया था।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article