शहर

Punjab: इथियोपिया से डिपोर्ट कर लाया गया 5 लाख का इनामी गैंगस्टर गुरविंदर, 'ऑपरेशन शहीद' के तहत मिली सफलता

Punjab News: पंजाब पुलिस की AGTF और केंद्रीय एजेंसियों ने 'ऑपरेशन शहीद' के तहत इथियोपिया से 5 लाख के इनामी गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ ​​अफरीदी को डिपोर्ट कराने में सफलता हासिल की है। वह विदेश में बैठकर पंजाब में टारगेट किलिंग और रंगदारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

Image

10 महीने का इंटरनेशनल सर्च ऑपरेशन सफल

Punjab: पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी सफलता हासिल की है। AGTF ने काउंटर इंटेलिजेंस के 'ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल' (OFTEC) और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के समन्वय से चलाए गए 'ऑपरेशन शहीद' के अंतर्गत इथियोपिया से खतरनाक गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को सफलतापूर्वक भारत वापस (डिपोर्ट) ला खड़ा किया है। पकड़ा गया आरोपी खतरनाक 'डोनी बाल-प्रभ दस्सुवाल गैंग' का मुख्य सरगना है, जिसे पकड़ने के लिए पिछले 10 महीनों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा तलाश अभियान चलाया जा रहा था।

विदेश में बैठकर चला रहा था पंजाब में नेटवर्क

पंजाब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में आरोपी को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। आरोपी विदेश (इथियोपिया) में छिपकर पंजाब में टार्गेट किलिंग्स, रंगदारी, जबरन वसूली के लिए कारोबारियों पर गोलीबारी की घटनाओं और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पंजाब सरकार ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सटीक जानकारी देने वाले के लिए 5 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की हुई थी।

3 महाद्वीपों में चला 10 महीने का इंटेलिजेंस ऑपरेशन

गैंगस्टर गुरविंदर उर्फ अफरीदी को कानून के शिकंजे में लाने की राह बेहद जटिल थी। इस ऑपरेशन में पंजाब पुलिस के OFTEC सेल ने केंद्रीय गृह और विदेश मंत्रालय की मदद से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। 'ऑपरेशन शहीद' के तहत एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में लगातार खुफिया जानकारी जुटाई गई और संदिग्ध ठिकानों पर कड़ी निगरानी रखी गई। सटीक लोकेशन ट्रेस होने के बाद इथियोपियाई अधिकारियों के सहयोग से उसे डिटेन कर भारत डिपोर्ट कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। पंजाब पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे पंजाब में सक्रिय उसके स्थानीय गुर्गों, हथियारों की सप्लाई चेन और जबरन वसूली के नेटवर्क के बारे में कड़ी पूछताछ करेगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article