दुनिया

नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश पर भड़का अमेरिका, ओमान की खाड़ी में वाणिज्यिक जहाज पर की गोलीबारी

तेल और वाणिज्यिक जहाजों के रणनीतिक मार्ग 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) और आसपास के इलाकों में अमेरिकी सेना पिछले कई महीनों से ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी लागू कर रही है।

Image

ईरानी जहाज पर हमला (File photo)

Photo : AP

ओमान की खाड़ी में अमेरिकी सेना ने एक वाणिज्यिक जहाज पर बड़ी कार्रवाई की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने शनिवार देर रात जानकारी दी कि उसने सेंट किट्स के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को कई चेतावनियों के बावजूद आगे बढ़ने पर निशाना बनाकर निष्क्रिय कर दिया। सेना के अनुसार, यह जहाज एक ईरानी बंदरगाह का दौरा करने के बाद क्षेत्र से बाहर जाने का प्रयास कर रहा था और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहा था।

हर्मुज जलडमरूमध्य में सख्त नाकाबंदी

तेल और वाणिज्यिक जहाजों के रणनीतिक मार्ग 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) और आसपास के इलाकों में अमेरिकी सेना पिछले कई महीनों से ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकाबंदी लागू कर रही है। ओमान की खाड़ी में किसी कार्गो जहाज पर अमेरिकी हमले की यह बीते एक महीने में पहली पुष्ट घटना है।

ईरानी बंदरगाहों के पास धमाके

शनिवार शाम ईरानी सरकारी मीडिया ने हर्मुज जलडमरूमध्य स्थित केशम द्वीप (Qeshm Island) और जास्क (Jask) बंदरगाह के आसपास कई जोरदार धमाकों की सूचना दी। हालांकि, इन विस्फोटों के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने दिए सीमित हमलों के संकेत

यह सैन्य कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के हवाई रक्षा प्रणाली को निशाना बनाते हुए सीमित और छोटे हमले किए हैं। मध्य पूर्व में पिछले कुछ हफ्तों से तनाव चरम पर है। राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान के खिलाफ सैन्य अभियानों का नया दौर शुरू किया जा सकता है, जिससे पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

एयर डिफेंस और मिसाइल साइट्स: अमेरिकी सेना (CENTCOM) ने केश्म द्वीप पर स्थित ईरानी वायु रक्षा प्रणाली और तटीय मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाकर सीमित हवाई हमले किए थे। केशम द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के मुहाने पर स्थित एक रणनीतिक द्वीप है। ईरान यहां से जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों और अमेरिकी लड़ाकू विमानों/ड्रोन पर नजर रखता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति और सेना का रुख

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई की पुष्टि की है और इसे सीमितबताया है। पेंटागन और अमेरिकी रक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई ईरानी सेना की उन गतिविधियों के जवाब में की गई, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य में नौसैनिक नाकाबंदी लागू कर रहे अमेरिकी विमानों और जहाजों को खतरा पैदा हो रहा था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article