देश

'हमें पाकिस्तान के साथ नहीं रहना', दिवाली पर बलोच लड़की ने PM Modi से लगाई मदद की गुहार, भारत को दी दीपोत्सव की बधाई

बलोचिस्तान की फराह बलोच ने दिवाली पर भारत और PM नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दीं। वीडियो में उन्होंने बलोचिस्तान के लोगों की आवाज बनने और आजादी के संघर्ष में समर्थन देने की अपील की।

Image

PM मोदी को दिवाली की बधाई देकर फराह बलोच ने की बड़ी अपील (Times Now Navbharat/PTI)

दिवाली (Diwali) का त्योहार भारत में खुशियों, रोशनी और अपनों के साथ जश्न मनाने का प्रतीक है। इस मौके पर दुनियाभर से लोग भारतीयों को शुभकामनाएं देते हैं लेकिन इस बार पाकिस्तान के बलोचिस्तान से आया एक वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें फराह बलोच नाम की एक लड़की ने भारत के लोगों को दिवाली की बधाई दी है। साथ ही लड़की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बलोचिस्तान के लोगों की आवाज बनने और उनकी मदद करने की अपील भी की है।

बलोच लड़की ने अपने परिवार संग शेयर किया यह Video

दरअसल, फराह बलोच ने दिवाली के मौके पर अपनी मां और भाई के साथ एक वीडियो शेयर किया। जिसमें उन्होंने सबसे पहले भारत के लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) को भी विशेष रूप से दिवाली की बधाई दी। इसके बाद उन्होंने बलोचिस्तान के हालात का जिक्र करते हुए भारत से समर्थन मांगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: PM मोदी आज जवानों के साथ मनाएंगे दिवाली

'हम पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते'

वीडियो (Video) में फराह बलोच कहती हैं कि बलोचिस्तान के लोग अपने ही इलाके में गुलामों की तरह जीवन जी रहे हैं। उनका आरोप है कि पाकिस्तान ने वहां के लोगों को कभी अपने नागरिकों की तरह नहीं समझा और उनके साथ हमेशा गुलामों जैसा व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि अब बलोचिस्तान के लोग आजाद होना चाहते हैं और पाकिस्तान के साथ नहीं रहना चाहते। फराह ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की कि वे बलोचिस्तान के लोगों की आवाज बनें और उनके संघर्ष में मदद तथा समर्थन करें।

ईद पर भी अपनों के लिए करना पड़ता है प्रदर्शन

फराह बलोच ने अपने संदेश में बलोचिस्तान के लोगों की एक और पीड़ा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत के लोग भाग्यशाली हैं, जो अपने परिवार और प्रियजनों के साथ दिवाली और ईद जैसे त्योहार मना सकते हैं। वहीं, उनके मुताबिक बलोचिस्तान में कई परिवारों को त्योहारों के दिन भी अपने लापता परिजनों के लिए विरोध प्रदर्शन करना पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से क्वेटा प्रेस क्लब के बाहर होने वाले प्रदर्शनों का जिक्र किया। फराह का कहना है कि वहां के लोग अपने लापता प्रियजनों की वापसी की मांग को लेकर आवाज उठाते रहते हैं।

'बलोचिस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय'

अपने वीडियो के आखिर में फराह बलोच ने एक बार फिर भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खुद को भारत की छोटी बहन बताते हुए लोगों का धन्यवाद किया। वीडियो का अंत उन्होंने 'आजाद बलोचिस्तान जिंदाबाद' और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ किया।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article