शहर

वायरल रील की चाह बनी मौत की वजह! बरेली में पत्थरों के नीचे दबकर युवक की दर्दनाक मौत

बरेली के नवाबगंज में सोशल मीडिया के लिए रील बनाना 20 वर्षीय युवक को जान पर भारी पड़ गया। शुक्रवार को वह हाईवे किनारे असुरक्षित तरीके से रखे पत्थरों पर चढ़कर वीडियो बना रहा था। तभी पत्थरों के खिसकने से वह नीचे दब गया और उसकी मौके पर मौत हो गई।

Image

बरेली में रील बनाते समय युवक की हादसे में मौत

Bareilly News: सोशल मीडिया पर फेमस होने की चाह और हर जगह रील बनाने का खुमार लोगों के सिर पर चढ़ा हुआ है। जिसके कारण कई लोग अपनी जान को भी खतरे में डाल देते हैं। ऐसे कई मामले अक्सर सामने आते रहते हैं, जहां लाइक्स और व्यूज की दौड़ में युवा खतरों को भी नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसका नतीजा दर्दनाक हादसों के रूप में देखने को मिलता है। कुछ ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से देखने को मिला, जहां रील बनाने के चक्कर में एक युवक की मौत हो गई।

लापरवाही को माना जा रहा वजह

बरेली के नवाबगंज क्षेत्र में बरेली–सितारगंज हाईवे पर बाईपास का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जहां सिजौलिया गांव के पास बड़े-बड़े पत्थर सड़क किनारे मिट्टी को रोकने के लिए रखे हुए थे। ये पत्थर कथित तौर पर असुरक्षित और गलत तरीके से सड़क के किनारे लगाए गए थे। जानकारी के अनुसार 20 वर्षीय मोहम्मद फैजान शुक्रवार को यहां रील बनाने के लिए अपने दोस्त अनुज गंगावर के साथ आया। वीडियो रिकॉर्ड करते हुए जैसे ही वह सड़क किनारे रखे पत्थरों पर चढ़ा, तभी अचानक पत्थर खिसक गए।

पत्थरों के नीचे दबा फैजान

यह हादसा इतना अचानक हुआ कि फैजान को संभलने का मौका नहीं मिला और वह भी पत्थरों के साथ नीचे गिरा। भारी पत्थरों के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोस्त ने शोर मचाकर मदद मांगने की कोशिश की, आसपास के लोग फौरन वहां पहुंचे और पास के गांव से ट्रैक्टर मंगाया गया। जिसकी मदद से पत्थरों को हटाकर फैजान को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक फैजान नवाबगंज नगर से सटे ग्राम रिछोला किफायतुल्ला निवासी मौलाना हाजी मेंहदी हसन का बेटा था। उसके चार भाइयों में वह सबसे छोटा था। उसके पिता दिल्ली की मस्जिद में इमाम हैं। फैजान सोशल मीडिया पर एक्टिव था और उसे रील बनाने का शौक था, लेकिन इस शौक और लापरवाही ने उसकी जान ले ली। इस घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article