शहर

हिंदू नववर्ष 2026 पर अयोध्या के घर-घर में दीप जलेगा, होगी रामकोट परिक्रमा

19 मार्च से शुरू हो रहे हिंदू नव वर्ष यानी नव संवत्सर 2083 को भव्य तरीके से मनाने के लिए अयोध्या में तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 18 मार्च की शाम से रामनगरी में उत्सव शुरू होगा। साधु-संत और श्रद्धालु रामकोट की परिक्रमा करेंगे, मंदिरों में धर्म ध्वजा फहराई जाएगी और हर घर दीप जलाने का भी आह्वान किया गया है।

Image

नव संवत्सर के लिए सज रही अयोध्या नगरी

हिंदू नववर्ष 2026 अयोध्या में जब से राम लला का मंदिर बना है, तब से यहां हर अवसर भव्य होता है। फिर चाहे वह नवरात्र हों, दीपावली हो या नए साल का जश्न। अब नव संवत्सर की बारी है। 19 मार्च से नव संवत्सर 2083 लग रहा है। इस बार रामनगरी में हिंदू नव वर्ष का पहला दिन बड़े ही भव्य और आध्यात्मिक माहौल में मनाने की तैयारी है। नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर साधु-संत और श्रद्धालु यहां रामकोट की परिक्रमा करेंगे। इसके साथ ही पूरे शहर में धर्म ध्वजा फहराई जाएगी और दीप प्रज्वलित करने का आह्वान भी किया जाएगा।

नव संवत्सर की पूर्व संध्या यानी बुधवार 18 मार्च की शाम से ही अयोध्या में उत्सव शुरू हो जाएगा। इस दिन बड़ी संख्या में बाहर से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचेंगे। साधु-संतों के साथ श्रद्धालु भी इकट्ठा होकर रामकोट की परिक्रमा में भाग लेंगे। बता दें कि पिछले 21 वर्षों से संत समाज द्वारा रामकोट की परिक्रमा की प्रथा चली आ रही है।

नव संवत्सर की पूर्व संध्या पर सभी संत-महंत और श्रद्धालु सबसे पहले मतगजेंद्र मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वहीं से रामकोट की परिक्रमा शुरू होगी। इस परिक्रमा के दौरान संत समाज और सभी श्रद्धालु भगवान राम से देश, समाज और समानत धर्म की उन्नति के लिए प्रार्थना करेंगे। सभी कामना करेंगे कि सभी के जीवन में नव वर्ष सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।

नव संवत्सर के अवसर पर राम मंदिर ट्रस्ट ने शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में धर्म ध्वजा फहराने के साथ ही हर घर में दीप प्रज्वलित करने की भी अपील की है। इस आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए आयोजक लगातार बैठकें और जन जागरण के जरिए लोगों को जानकारी दी जा रही है और देश प्रेम की भावना बढ़ाई जा रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article