शहर

LPG Crisis: कहीं गैस खत्म, कहीं लंबी कतार; भट्टी की सेल बढ़ी, जानें शहर-शहर का हाल

LPG Crisis: अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध का असर अब भारत में LPG सप्लाई पर साफ तौर पर दिखने लगा है। कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई हैं और होम डिलीवरी भी रोक दी गई है। सरकार ने दो सिलेंडर की बुकिंग के बीच समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है, जबकि लोग LPG सिलेंडर न मिलने पर विकल्प के तौर पर इंडक्शन और भट्टियां खरीद रहे हैं।

Image

जम्मू से लेकर मुंबई तक LPG सिलेंडर के लिए लगी कतारें

अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध का असर दुनिया के अन्य देशों के साथ ही भारत पर भी पड़ रहा है। देश में LPG Crisis की स्थिति बनती जा रही है। गैस की कमी की आशंका के चलते हालात बिगड़ रहे हैं। सरकार ने दो सिलेंडर के बीच बुकिंग का समय बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है और कई जगह कॉमर्शियल सिलेंडर की बिक्री भी रोक दी गई है। Timesnow Navbharat के रिपोर्टरों ने अलग-अलग शहरों का हाल जाना और लोगों से बात की।

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध जितना लंबा खिंच रहा है, भारत मे ऊर्जा आपूर्ति पर उतना ही ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। खास तौर पर LPG और PNG गैस सप्लाई पर देश भर में काफी बुरा असर पड़ रहा है। तमाम शहरों और कस्बों में ग्राहक गैस सिलेंडर भरवाने के लिए गैस एजेंसियों के बाहर कतारों में खड़े हैं। हालांकि, सरकार की तरफ से कहा गया है कि LPG की शॉर्टेज नहीं है। LPG न मिलने पर होने वाली परेशानी को भांपते हुए लोगों ने विकल्प के तौर पर इंडक्शन खरीदना शुरू कर दिया है, जिससे कई जगह इंडक्शन की भी कमी देखने को मिल रही है।

जम्मू में LPG खत्म होने का डर

जम्मू के गांधीनगर क्षेत्र में Timesnow Navbharat संवाददाता अंकित भट्ट ने हालात का जायजा लिया। अमेरिका-इजरायल और ईरान में चल रहे युद्ध के बीच जम्मू में LPG खत्म होने के लेकर लोगों में डर है। हालांकि, सरकार ने साफ कहा है कि देश में LPG की कमी नहीं है।

श्रीनगर में सिलेंडर की होम डिलीवरी रोकी गई

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से Timesnow Navbharat संवाददाता साहिल सुहैल ने देखा कि शहर के मिल स्टॉप एरिया में LPG डिस्ट्रिब्यूटर ने LPG सिलेंडर की होम डिलीवरी रोक दी है। इसके बाद स्थानीय लोग गैस एजेंसी के बाहर कतार लगाकर सिलेंडर मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

फूड डिलीवरी ब्वायज का हाल

दिल्ली में Timesnow Navbharat संवाददाता अनुज मिश्रा ने स्विगी, जोमैटो जैसे फूड डिलीवरी ऐप्स के डिलीवरी बॉयज से बात की। ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के कर्मचारियों का कहना है कि अभी तो ऑर्डर नॉर्मल ही हैं, लेकिन कुछ रेस्टोरेंट बंद होने से थोडा असर दिख रहा है। रेस्टोरेंट्स में डिलीवरी का समय बढ़ गया है, अब पहले के मुकाबले थोड़ा ज्यादा समय लग रहा है।

दिल्ली में सुबह 6.30 बजे से कतार में खड़े लोग

दिल्ली से ही Timesnow Navbharat संवाददाता प्रेरित कुमार ने दिल्ली के करोल बाग इलाके में गैस एजेंसियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करोल बाग इलाके में एक ही जगह पर तीन अलग-अलग गैस एजेंसियां हैं। लेकिन इनमें से दो बंद थीं, जबकि एक खुली हुई थी और वहां लंबी लाइन लगी थी। यहां जब लोगों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह 6.30 बजे से ही यहीं आकर लाइन में खड़े हो जाते हैं। एक ग्राहक ने बताया कि वह तीन दिन से यहां आ रहे हैं और रोज उन्हें वापस लौटा दिया जाता है। यही नहीं लाइन में खड़े लोगों ने बताया कि LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग नहीं हो रही है, जिसके कारण उन्हें यहां आकर लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है।

चंडीगढ़ में डीजल भट्टी की सेल बढ़ी

चंडीगढ़ में Timesnow Navbharat संवाददाता मनोज कुमार ने देखा कि यहां डीजल भट्टियों और इंडक्शन चूल्हों की डिमांड बढ़ गई है। चंडीगढ़ में कमर्शियल सिलेंडर की सेल बन होने के बाद अचानक ही इनकी डिमांड बढ़ गई है। यहां हमें एक दुकानदार ने बताया कि डीजल भट्टी की जितनी सेल पूरे साल में होती थी, उनती सिर्फ एक दिन में हो गई है। जब Timesnow Navbharat संवाददाता गैस एजेंसी पर पहुंचे तो यहां एक महिला ने LPG सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान होकर रोते हुए अपनी आपबीती बताई।

लखनऊ में सिलेंडर के लिए एक किमी लंबी कतार लगी

लखनऊ में महिला LPG सिलेंडर नहीं मिलने से परेशान विनोद मिश्रा ने देखा कि नवाबों के शहर में भी लोग LPG सिलेंडर को लेकर परेशान हैं। हमें लखनऊ के अलीगंज इलाके में गैस सिलेंडर लेने के लिए करीब एक किमी लंबी लाइन लगी मिली। किसी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए सरकार ने यहां बकायदा पुलिस का इंतजाम किया है।

मुंबई की गैस एजेंसी में LPG खत्म

LPG को लेकर समस्या पूरे देश में है। मुंबई में Timesnow Navbharat संवाददाता अतुल सिंह ने गोरेगांव इलाके में सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों से बात की। यहां हमें लोगों ने बताया कि वह LPG सिलेंडर लेने आए थे, लेकिन समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि 4-5 दिन की देरी से सिलेंडर मिल पा रहा है। यही नहीं एजेंसी से LPG सिलेंडर की डिलीवरी करने वाले शख्स ने Timesnow Navbharat को बताया कि गैस है ही नहीं, तो सिलेंडर कहां से दे दें।

वाराणसी में लोहे की भट्टियों की सेल बढ़ी

वाराणसी से Timesnow Navbharat संवाददाता आशुतोष ने भी LPG क्राइसिस पर बाजार की खाक छानी। इस दौरान उन्होंने वाराणसी के लोहटिया मार्केट में कोयले और लकड़ी से चलने वाली भट्टियों को बनवाने के लिए सुबह से ही लगी भीड़ देखी। यहां के दुकानदारों के मुताबिक पहले दिनभर में दो-तीन भट्टियां बिकती थीं, लेकिन जब से गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ी है, तब से एक दिन में 20-25 भट्टियां बिक रही हैं। कारखानों में दिन-रात काम चल रहा है, इसके बावजूद डिमांड पूरी नहीं हो रही है। बताया कि भट्टियां खरीदने वाले ज्यादातर ग्राहक रेस्टोरेंट और दुकान मालिक हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article