बिजनेस

Sukanya Samriddhi Yojana: रोजाना 100 रुपये की बचत से तैयार होगा 16 लाख से ज्यादा का फंड, समझिए पूरा हिसाब

रोजाना 100 रुपये की बचत आपकी बेटी के भविष्य को संवार सकती है। सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों की शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए लंबी अवधि में एक बड़ा फंड तैयार करने में मदद कर सकती है।

Image

SSY से बनेगा एक मोटा फंड (Photo: iStock)

बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें सुकन्या समृद्धि योजना (Sukanya Samriddhi Yojana - SSY) एक लोकप्रिय छोटी बचत योजना है। यह योजना खासतौर पर बेटियों की शिक्षा और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए लंबी अवधि में एक बड़ा फंड तैयार करने में मदद करती है। इस स्कीम में निवेश करने पर सुरक्षित रिटर्न के साथ टैक्स बेनिफिट का फायदा भी मिलता है। अगर कोई माता-पिता अपनी बेटी के लिए छोटी-छोटी बचत शुरू करते हैं, तो समय के साथ यह रकम बड़ी हो सकती है। रोजाना केवल 100 बचाकर भी बेटी के नाम पर लाखों रुपये का फंड तैयार किया जा सकता है।

रोजाना 100 बचाने पर कितना बनेगा फंड?

अगर आप हर दिन 100 बचाते हैं तो एक महीने में करीब 3000 रुपये जमा हो जाएंगे। इस हिसाब से सालाना निवेश लगभग 36000 रुपये होगा। क्योंकि इस योजना में निवेश केवल 15 वर्ष तक करना होता है। इसलिए आपके द्वारा निवेश की गई कुल राशि 5,40,000 रुपये होगी। सुकन्या समृद्धि योजना में लंबे समय तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। यानी आपके जमा किए गए पैसों पर मिलने वाला ब्याज भी आगे ब्याज कमाता है और समय के साथ निवेश की रकम तेजी से बढ़ती है। इसके साथ, आपकी जमा राशि पर आपको 11,22,619 रुपये का ब्याज मिलेगा। यानी मैच्योरिटी पर यह राशि कुल 16,62,619 रुपये हो जाएगी।

डिटेल्सराशि
सालाना निवेश₹36,000
कुल निवेश₹5,40,000
कुल ब्याज₹11,22,619
मैच्योरिटी अमाउंट₹16,62,619

कैसे काम करती है Sukanya Samriddhi Yojana?

सुकन्या समृद्धि योजना में बेटी के नाम पर अकाउंट खोला जाता है। 10 साल से कम उम्र की बेटियों के लिए माता-पिता या कानूनी अभिभावक खाता खोल सकते हैं। इस योजना में न्यूनतम सालाना निवेश 250 रुपये और अधिकतम 1.5 लाख रुपये है। खाता खुलने के बाद इसमें 15 साल तक निवेश करना होता है, जबकि योजना की मैच्योरिटी अवधि 21 साल होती है।

टैक्स में भी मिलता है फायदा

सुकन्या समृद्धि योजना की एक बड़ी खासियत इसका टैक्स बेनिफिट है। इसमें निवेश की गई राशि पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत छूट मिलती है। इसके अलावा मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी राशि भी टैक्स फ्री होती है। इस वजह से यह योजना उन लोगों के लिए आकर्षक विकल्प बन जाती है, जो बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित और टैक्स सेविंग निवेश करना चाहते हैं।

अच्छी बात ये है कि इस स्कीम में बेटी की पढ़ाई जैसी जरूरतों के लिए निर्धारित शर्तों के तहत आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है। यह निकासी बेटी की उम्र 18 वर्ष हो जाने के बाद की जा सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article