क्रिकेट

India vs Japan T20: हो जाइए तैयार, पहली बार आमने-सामने होंगी भारत और जापान की क्रिकेट टीमें, जानिए मैच से जुड़ी हर जानकारी

India vs Japan T20I: भारत और जापान के बीच पहली बार कोई क्रिकेट मैच खेला जाएगा। दोनों टीमें मंगलवार को एक टी20 मैच में आमने-सामने होंगी। एशियन गेम्स से ठीक पहले होने वाले इस मैच के लिए जापान में मौजूद खेल प्रेमियों में भी उत्साह है क्योंकि वे विश्व चैंपियन टीम के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक मैच से जुड़ी हर जरूरी जानकारी यहां जानिए।

Image

मंगलवार को भारत-जापान टी20 मैच (X/CricketJapan)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत बनाम जापान टी20 मैच
  • पहली बार भारत और जापान की क्रिकेट टीमों की भिड़ंत
  • एशियन गेम्स क्रिकेट इवेंट से पहले टीमें आजमाएगी अपनी तैयारी

India vs Japan T20: जापान की क्रिकेट टीम ऐतिहासिक टी20 मुकाबले में मंगलवार को मौजूदा चैम्पियन भारत का सामना करेगी तो यही उम्मीद होगी कि इस मैच का असर बेसबॉल के दीवाने इस देश में मैदान से बाहर तक नजर आये। इस मैच की घोषणा हाल ही में की गई और यह भारत . जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह के उपलक्ष्य में खेला जायेगा। भारत मौजूदा विश्व चैम्पियन है और जापान 41वीं रैंकिंग पर है लिहाजा यह बेमेल सा ही मुकाबला है जिसे आइची नागोया में एशियाई खेलों के बीच आयोजित किया जा रहा है। आंकड़ों से इतर बात करें तो इस मैच के जरिये जापान के क्रिकेटरों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों से खेलने का मौका मिलेगा। ये मैच भारतीय समय के मुताबिक मंगलवार सुबह 9ः30 बजे से शुरू होगा।

इस ऐतिहासिक मैच पर तूफान का खतरा मंडरा रहा है लेकिन अगर एक भी गेंद नहीं फेंकी जाती है तो भी तय मैच उस देश में असर डालेगा जहां क्रिकेट हाशिये से निकलकर बेसबॉल की तरह मुख्यधारा में शामिल होने की कोशिश कर रहा है। जापान क्रिकेट संघ के सीओओ एलेन कर ने मैच से पहले कहा, "जापान क्रिकेट की पृष्ठभूमि में कई सालों से बहुत कुछ चल रहा है और अब यह बहुत अच्छा है कि हम समुद्र तल से ऊपर है और हम असल में कुछ और लोगों को दिखाई दे रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "हम काफी सफलता अर्जित कर चुके हैं । भारतीय टीम खेलने को राजी हुई और यहां मैं आपसे बात कर रहा हूं और कल काफी जापानी मीडिया इस खेल के बारे में और जानने आ रहा है, इसके मायने हैं कि हम सफल हो चुके हैं।" यह मैच तोक्यो से सौ किलोमीटर दूर सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जायेगा जहां भारतीय टीम रविवार को पहुंची । जापान के अधिकांश क्रिकेटर स्थानीय है और देश में खेल के विकास के लिये वे दक्षिण एशियाई मूल के लोगों पर निर्भर नहीं है।

जापान के कप्तान केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग ने कहा ,’’यह बहुत बड़ा मौका है लेकिन हम जश्न मनाने के लिये ही नहीं खेल रहे हैं बल्कि यह दिखाना चाहते हैं कि जापान की पुरूष टीम क्या कर सकती है।" श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम एशियाई खेलों में 28 सितंबर को पहला मुकाबला खेलेगी । फोकस एक बार फिर 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी पर रहेगा जो एशियाई खेलों में भारतीय दल के सबसे युवा सदस्य हैं।

भारत और जापान की टीमें

भारतीय टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, विपराज निगम, वैभव सूर्यवंशी ।

जापान की टी20 टीम: केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान ), चार्ली हारा हिंजे, बेंजामिन इतो डेविस, एलेस्टर काडोवाकी फ्लेमिंग, कोहेइ कुबोटा, जेक कुसुडा एन, वातारू मियाउची, रियो साकुरानो थॉमस, एलेक्स शिराइ पी, शोमा सुगाया स्लेटर, डेकलान सुजुकी मैकॉम्ब, सुयोषी ताकाडा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तानियामा, लाचलान यामामोतो लेक।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article