बिजनेस

₹28,50,00,00,00,00,00,00,00,000 तक हो सकता है SpaceX का वैल्यूएशन, 83 साल के अमेरिकी अरबपति ने IPO पर लगाया ₹9500 करोड़ का दांव

SpaceX IPO लगातार सुर्खियों में है। एक अमेरिकी कारोबारी रॉन बैरन ने इस IPO पर 100 करोड़ डॉलर, यानी करीब 9500 करोड़ रुपये का दांव लगाते हुए कहा है कि कंपनी का वैल्यूएशन 28,50,00,00,00,00,00,00,00,000 तक पहुंच सकता है।

Image

12 जून को होनी है कंपनी की लिस्टिंग

Elon Musk की स्पेस टेक कंपनी SpaceX 12 जून, 2026 को अमेरिकी बाजार में $1.75 ट्रिलियन के वैल्यूएशन पर लिस्ट होने जा रही है। लिस्टिंग के दिन ही ट्रिलियन डॉलर का वैल्यूएशन हासिल करने वाली यह दुनिया की पहली कंपनी होगी। SpaceX IPO अमेरिकी बाजार ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की सबसे बड़ी वेल्थ क्रिएशन स्टोरी लिखने जा रही है। क्योंकि, इसकी बदौलत जहां एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर (खरबपति) बन जाएंगे। वहीं, कई निवेशक अरबपति बन सकते हैं।

लिस्टिंग के बाद भी जारी रहेगी ग्रोथ

इसके अलावा स्पेस एक्स की ग्रोथ स्टोरी सिर्फ आईपीओ पर आकर खत्म होने वाली नहीं है। बल्कि, लिस्टिंग के बाद भी यह एक मल्टीबैगर शेयर बन सकता है। यह दावा है कि 83 वर्षीय अमेरिकी अरबपति रॉन बैरन का, जिन्होंने SpaceX IPO पर 100 करोड़ डॉलर, यानी करीब 9500 करोड़ रुपये का दांव लगाया है।

रॉन बैरन का दावा है कि लिस्टिंग के बाद भी SpaceX के वैल्यूएशन में तेज बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और निश्चित रूप से यह वैल्यूएशन के लिहाज से दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बनेगी। बैरन के दावे के मुताबिक उन्हें इस बात का पूरा भरोसा है कि एक दिन स्पेस एक्स का वैल्यूएशन 30 ट्रिलियन डॉलर, यानी करीब 28,50,00,00,00,00,00,00,00,000 रुपये तक पहुंच सकता है। यह रकम इतनी बड़ी है कि आज के संदर्भ में इसे देखें, तो यह तककरीबन अमेरिका की पूरी इकोनॉमी के बराबर है।

इस निवेशक को सबसे बड़ा फायदा

स्पेस एक्स के वैल्यूएशन से एलन मस्क तो दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनेंगे ही। लेकिन, वे अकेले शख्स नहीं होंगे, जिन्हें स्पेस एक्स के बंपर वैल्यूएशन का बड़ा फायदा होगा। स्पेस एक्स के शेयर होल्डर लेजर में मस्क के ठीक पीछे एक शख्स है एंटोनियो ग्रेसियस, यह नाम वॉल स्ट्रीट के बाहर ज्यादातर लोगों ने कभी नहीं सुना है। असल में ग्रेसियस एक भारतीय मूल के इन्वेस्टर हैं। उनके पास मस्क की कंपनी में करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी है। उन्होंने मस्क के स्पेस बिजनेस पर शुरुआती दौर में भरोसा जताते हुए फंडिंग की थी। इसका नतीजा यह होगा कि स्पेस एक्स के उनके शेयरों की कीमत अब करीब 90 अरब डॉलर के करीब हो जाएगी। यह इतनी बड़ी बात है कि इसकी वजह से ग्रेसियस एक झटके में दुनिया के शीर्ष अमीर लोगों में शामिल हो जाएंगे।

मस्क मानते हैं एहसान

असल में ग्रेसियस ने मस्क की उस दौर में मदद की, जब मक्स की कंपनी बैंकरप्ट होने के कगार पर थी। खुद मस्क भी यह बात सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर चुके हैं। वहीं, फाइलिंग डेटा के हिसाब से मस्क की कंपनी में ग्रेसियस की व्यक्तिगत हिस्सेदारी करीब 4 फीसदी है। मस्क के बाद स्पेस एक्स में वे सबसे बड़ी पर्सनल शेयर होल्डर हैंं।

135 डॉलर प्रति शेयर पर लिस्टिंग संभव

SpaceX दुनिया के सबसे चर्चित IPOs में से एक है। अप्रैल 2026 में कंपनी ने IPO के लिए S-1 दस्तावेज पेश किए। कंपनी पब्लिक ऑफरिंग के जरिये 75 अरब डॉलर जुटा रही है। लिस्टिंग के वक्त शेयर की कीमत लगभग 135 डॉलर प्रति शेयर हो सकती है, जिससे कंपनी का वैल्यूएशन करीब 1.75 ट्रिलियन डॉलर पहुंच सकता है। फिलहाल, SpaceX की कमाई का बड़ा हिस्सा अब सैटेलाइट इंटरनेट बिजनेस Starlink से आ रहा है, जिसके 1 करोड़ से अधिक ग्राहक बताए जाते हैं। इसके अलावा रीयूजेबल रॉकेट तकनीक, लॉन्च मार्केट में मजबूत पकड़ भविष्य की ग्रोथ दिखाते हैं।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article