शहर

प्रयागराज कैश कांड : जमीन के नीचे मिले करोड़ों रुपये के बाद अब घर में मिले ताले लगे बक्से, अंदर क्या-क्या छिपा है?

प्रयागराज के बरईपुर रामनगर में करोड़ों की नकदी मिलने के बाद यादव परिवार के घर में खुदाई जारी है। मजदूरों के मुताबिक, चार कमरों के फर्श की खुदाई में कई बड़े ताले लगे बक्से मिले हैं, जिन्हें जांच एजेंसियों ने कब्जे में लिया है।

प्रयागराज में करोड़ों रुपये की नकदी मिलने के बाद एक यादव परिवार का मकान जांच के दायरे में है। नवाबगंज क्षेत्र के बरईपुर रामनगर गांव में स्थित इस मकान में पुलिस और आयकर विभाग की जांच आगे बढ़ने के साथ नए खुलासे हो रहे हैं। अब घर के अंदर खुदाई के दौरान कई बड़े और ताले लगे बक्से मिलने की जानकारी सामने आई है।

टाइम्स नाउ नवभारत के संवाददाता विनय रघुवंशी ने मकान के अंदर खुदाई करने के बाद बाहर निकले मजदूरों से एक्सक्लूसिव बातचीत की। मजदूरों के मुताबिक, घर के अंदर अलग-अलग जगहों पर खुदाई की गई है। इस दौरान कई बड़े बक्से मिले हैं, जिन पर ताले लगे हुए थे। मजदूरों का दावा है कि इन बक्सों को आयकर विभाग और प्रशासन की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है।

मजदूरों ने बताया कि अब तक मकान के चार कमरों के फर्श की खुदाई की जा चुकी है। करीब तीन फीट तक जमीन खोदकर तलाशी ली गई है। हालांकि, इन बक्सों के अंदर क्या मिला है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं

गौरतलब है कि बुधवार शाम इसी मकान में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए नकदी से भरे तीन ड्रम मिलने का मामला सामने आया था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान जमीन खोदकर इन ड्रमों को निकाला गया था। इनमें 500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलने की जानकारी दी गई थी। शुरुआती रिपोर्टों में बरामद रकम करोड़ों रुपये में होने की बात सामने आई, लेकिन इसकी कुल राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गुरुवार को आयकर विभाग की छह सदस्यीय टीम नोटों की गिनती के लिए नवाबगंज थाने पहुंची थी। टीम अपने साथ नोट गिनने की मशीन भी लेकर आई थी। पुलिस और आयकर विभाग नकदी के स्रोत का पता लगाने में जुटे हैं।

अब घर के अंदर से ताले लगे बक्से मिलने की जानकारी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि मकान में और कितनी नकदी या अन्य कीमती सामान छिपाकर रखा गया है। हालांकि, बक्सों में नकदी, जेवरात या दस्तावेज होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इनकी वास्तविक सामग्री जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article